उत्तर प्रदेश वाराणसी: पीएम मोदी के दो दिवसीय प्रवास तीन ट्रेनों को हरी झंडी देंगे, वंदे भारत, काशी तमिल संगम एक्सप्रेस।
पीएम मोदी इस बार के दो दिवसीय प्रवास के दौरान तीन ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाएंगे। मोदी वंदेभारत के साथ काशी तमिल संगमम् ट्रेन की भी सौगात देंगे । यह ट्रेन बनारस से कन्याकुमारी तक जाएगी।
उत्तर प्रदेश वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बार के दो दिवसीय प्रवास के दौरान तीन ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाएंगे। इनमें वाराणसी-नई दिल्ली वंदेभारत एक्सप्रेस, काशी तमिल संगमम् एक्सप्रेस और इंदारा-दोहरीघाट मेमू ट्रेन शामिल हैं। संगमम एक्सप्रेस ट्रेन की घोषणा पिछले वर्ष दिसंबर में पहले काशी तमिल संगमम् में आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की थी। यह ट्रेन बनारस से कन्याकुमारी तक जाएगी। उत्तर और दक्षिण भारत के रिश्तों में प्रगाढ़ता और आवागमन सुगम बनाने के लिए कन्याकुमारी (तमिलनाडु) से चलने वाली यह ट्रेन आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश और यूपी के विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए कैंट होकर बनारस स्टेशन आएगी।
प्रधानमंत्री मोदी 17 दिसम्बर को नमो घाट पर काशी तमिल संगमम् के उद्घाटन के मौके पर 22 कोचों वाली इस गाड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद कन्याकुमारी से यह ट्रेन रवाना होगी। वहीं, पीएम मोदी 18 दिसम्बर को बरकी की जनसभा में संबोधन के पहले वंदेभारत व मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी कड़ी में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर न्यू पं. दीनदयाल उपाध्याय और न्यू भाउपुर की भी दो मालगाड़ियों का फ्लैग ऑफ होगा।
संगमम् एक्सप्रेस : 50 घंटे का सफर, 35 स्टेशनों पर ठहराव
संगमम् एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-16367) प्रत्येक गुरुवार रात 8.55 बजे कन्याकुमारी से चलेगी। शनिवार रात 11.35 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन बनारस से रविवार शाम 4.20 बजे चलेगी और मंगलवार रात 8.55 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी। 50 घंटे से ज्यादा समय के सफर में ट्रेन का ठहराव नागरकोल, तिरुनवेल, विरुदुन नगर, मदुरै, डिंडिगुल, तिरुचिरापल्ली, कुम्भकोणम, माइलादुरै, सिरकाजी, चिदम्बरम, कुडलोर पोर्ट, विलुपुरम, चेंगलपटटू, कांचीपुरम, अराकोणम, पेरमबूर, नेल्लोर, ओंगल, तेनली, विजयवाड़ा, खम्मम, वारंगल, सिरपुर कागजनगर , बल्लारशाह, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी और कैंट (वाराणसी जंक्शन) स्टेशनों पर होगा।
वंदेभारत के 20 से नियमित चलने की सम्भावना
सूत्रों के अनुसार नई वंदेभारत ट्रेन कैंट स्टेशन से सुबह छह बजे रवाना होकर प्रयागराज जंक्शन, कानपुर होते हुए दोपहर दो बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। नई दिल्ली से अपराह्न तीन बजे चलकर रात 11 बजे कैंट आएगी। आठ घंटे के सफर में यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन व कानपुर स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने इस सम्बंध में अभी आधिकारिक पत्र नहीं जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार 18 दिसम्बर को पीएम मोदी के हरी झंडी दिखाने के बाद यह गाड़ी उद्घाटन स्पेशल बनकर जाएगी। 20 दिसम्बर की सुबह से इसका नियमित परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। इस समय चल रही वंदेभारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से सुबह छह बजे चलकर दोपहर दो बजे कैंट आती है। यहां से अपराह्न तीन बजे रवाना होकर रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचती है।
इंदारा से दोहरीघाट तक चलेगी मेमू ट्रेन
इंदारा जंक्शन से दोहरीघाट तक 34.37 किलोमीटर लम्बी रेल लाइन मीटर गेज (छोटी लाइन) से ब्रॉड गेज में परिवर्तित हो गई है। अब इसपर मेमू ट्रेन का परिचालन शुरू होगा। यह गाड़ी रास्ते में कोपागंज, घोसी, अमिला और मुरादपुर हाल्ट स्टेशनों पर रूकेगी। अभी पूर्वोत्तर रेलवे ने इस ट्रेन का आधिकारिक शेड्यूल नहीं जारी किया है।
इन परियोजनाओं का 18 को होगा लोकार्पण
- कैंट स्टेशन पर रेलवे क्लेम ट्रिब्यूनल (आरसीटी)
- न्यू पं. दीनदयाल उपाध्याय-न्यू भाऊपुर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर
- गाजीपुर-बलिया रेल लाइन दोहरीकरण
- इंदारा-दोहरीघाट ब्रॉडगेज
-जौनपुर जंक्शन-जौनपुर सिटी बाईपास कार्ड लाइन
- बरेका में बना 10 हजारवां इंजन।

