क्या अभी भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है लखनऊ सुपर जायंट्स? करो या मरो की स्थिति में खड़ी ऋषभ पंत की सेना

लखनऊ सुपर जायंट्स गुरुवार को अपने घर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करेगी। लखनऊ के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ की रेस में बने रहने का आखिरी मौका है, जबकि आरसीबी एक जीत के साथ नॉकआउट की राह लगभग साफ करना चाहेगी।

क्या अभी भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है लखनऊ सुपर जायंट्स? करो या मरो की स्थिति में खड़ी ऋषभ पंत की सेना

लखनऊ: इकाना स्टेडियम में होने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अलग-अलग मायने रखता है। आरसीबी 9 मैचों में 12 अंकों के साथ टॉप-2 की रेस में बनी हुई है, वहीं लखनऊ की टीम लगातार 6 हार के बाद पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे संघर्ष कर रही है। लखनऊ के पास अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं है; उन्हें अपने बचे हुए सभी 5 मैच जीतने होंगे ताकि वे 14 अंकों तक पहुंच सकें, लेकिन एक और हार उनके प्लेऑफ के सपनों को पूरी तरह दफन कर देगी। दूसरी ओर, आरसीबी को क्वालीफाई करने के लिए बस दो और जीत की दरकार है और लखनऊ के खिलाफ जीत उन्हें इस लक्ष्य के बेहद करीब ले जाएगी।


इकाना की पिच और स्पिनर्स का जाल

इकाना स्टेडियम की काली मिट्टी वाली पिच हमेशा से गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों और कटर डालने वाले तेज गेंदबाजों की मददगार रही है। धीमी पिच और बाउंड्री का बड़ा घेरा होने के कारण बल्लेबाजों के लिए यहां बड़े शॉट्स लगाना आसान नहीं होगा। पिच रिपोर्ट की मानें तो 140 से 165 का स्कोर यहां चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। ऐसे में आरसीबी के जोश हेजलवुड और लखनऊ के मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी गेंदबाजों की भूमिका अहम होगी। बल्लेबाजों को यहां बाउंड्री के बजाय स्ट्राइक रोटेट करने पर ज्यादा ध्यान देना होगा

प्लेऑफ का गणित, लखनऊ की धुंधली उम्मीदें

लखनऊ सुपर जायंट्स की हालत इस समय बेहद नाजुक है। 9 मैचों में केवल 2 जीत के साथ उनके पास मात्र 4 अंक हैं। अगर उन्हें करिश्मा करना है, तो उन्हें न केवल आरसीबी को हराना होगा, बल्कि चेन्नई, राजस्थान और पंजाब के खिलाफ भी जीत दर्ज करनी होगी। इसके बावजूद उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों और अपने खराब नेट रन रेट (NRR) में भारी सुधार पर निर्भर रहना होगा। आरसीबी के लिए समीकरण सरल है, एक जीत उन्हें 14 अंकों पर ले जाएगी, जिससे वे क्वालीफायर-1 खेलने की अपनी दावेदारी को और मजबूत कर लेंगे।

दोनों टीमों के पास दमदार बल्लेबाज

लखनऊ की टीम निकोलस पूरन और मिचेल मार्श की तूफानी फॉर्म पर भरोसा करेगी, जिन्होंने पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ रनों की बारिश की थी। वहीं आरसीबी की बल्लेबाजी की कमान रजत पाटीदार और विराट कोहली के कंधों पर होगी। लखनऊ के मौसम की बात करें तो दिन में बारिश की संभावना है, लेकिन शाम तक आसमान साफ होने की उम्मीद है। हालांकि, हल्की बूंदाबांदी मैच में थोड़ा खलल डाल सकती है। फैंस इस मुकाबले को स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं, जहां शाम 7:30 बजे से यह महामुकाबला शुरू होगा।