Nations League 2025: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जीती तीसरी इंटरनेशनल ट्रॉफी, पुर्तगाल ने स्पेन को रोमांचक फाइनल में हराया

Nations League 2025: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जीती तीसरी इंटरनेशनल ट्रॉफी, पुर्तगाल ने स्पेन को रोमांचक फाइनल में हराया

म्यूनिख में खेले गए यूएफा नेशंस लीग 2025 के फाइनल में पुर्तगाल ने स्पेन को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से हराया। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर की तीसरी अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी जीती, इससे पहले उन्होंने 2016 में यूरो कप और 2019 में नेशंस लीग जीती थी।

 

पुर्तगाल ने स्पेन को पेनल्टी शूट आउट में हराया 

 

म्यूनिख: यूएफा नेशंस लीग 2025 का फाइनल पुर्तगाल और स्पेन के बीच एलियांज एरेना में खेला गया। दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक फाइनल खेला गया। मैच का नतीजा पेनल्टी शूट आउट के जरिअए निकला। पुर्तगाल ने पेनल्टी शूट आउट स्पेन से 5-3 से जीत ली। इसके साथ ही पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर में तीसरी इंटरनेशनल ट्रॉफी जीत ली है।

रोनाल्डो ने सबसे पहले 2016 में यूरो कप जीता था। इसके बाद 2019 में नेशंस लीग जीती थी और अब 2025 में उन्होंने एक बार फिर नेशंस लीग का खिताब जीता है। हालांकि, बात करें रोनाल्डो के सबसे बड़े प्रतिद्वंदी लियोनेल मेसी की तो उन्होंने अब तक अपने करियर में 4 इंटरनेशनल ट्रॉफी जीती हैं।



कुछ ऐसा रहा पुर्तगाल और स्पेन का फाइनल

फाइनल मैच में पहला गोल स्पेन ने किया था। मार्टिन जुबामेंडी ने स्पेन के लिए पहला गोल 21वें मिनट में किया था। हालांकि, स्पेन की यह लीड ज्यादा देर तक टिकी नहीं रही। उसके 5 मिनट बाद ही नूनो मेंडिस ने पुर्तगाल के लिए इक्वालाइजर गोल किया। इसके बाद 45वें मिनट में मिकेल ओयार्जबल ने स्पेन के लिए गोल किया। इसके बाद दूसरे हाफ में पुर्तगाल ने फिर से कमबैक किया। 61वें मिनट में किसी और ने नहीं बल्कि खुद क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए गोल किया।

 


इसके बाद 90 मिनट तक दोनों टीमों में से किसी ने गोल नहीं किया। स्पेन के उभरते हुए खिलाड़ी लमीन यमाल खिताबी मुकाबले में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। 90 मिनट के बाद आधे घंटे का एक्सट्रा टाइम मिला, उसमें भी दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूट आउट में नतीजा निकला। बता दें कि पुर्तगाल के लिए रोनाल्डो ने पेनल्टी शूट आउट में हिस्सा नहीं लिया था, क्योंकि उनको पहले ही (88वें मिनट में) सब्सटीट्यूट कर दिया गया था।