भारत से मीटिंग में लताड़, खुद के देश में थू-थू, कैसे मोहसिन नकवी माफी मांगने को हुआ मजबूर, इनसाइड स्टोरी
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 के फाइनल के बाद बवाल मच गया। एसीसी चीफ मोहसिन नकवी टीम इंडिया के जीते हुए ट्रॉफी और मेडल लेकर भाग गए।
दुबई: एशिया कप 2025 को भले ही भारतीय टीम ने जीत लिया, लेकिन इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के बाद बवाल मच गया। इधर टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराया और उधर प्राइज सेरेमनी में बवाल मच गया। एसीसी के चेयरमैन मोहसिन नकवी टीम इंडिया की जीती हुई ट्रॉफी और मेडल लेकर भाग गए। इसके बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने सेरेमनी को बिना ट्रॉफी और मेडल के सेलीब्रेट कर पूरे पाकिस्तान को जलाया। लेकिन फिर एसीसी की मीटिंग हुई और अकड़ में रहने वाले मोहसिन नकवी को घुटनों पर आना पड़ गया।
बीसीसीआई ने खड़ी कर दी खाट
दुबई में हुई एसीसी की वार्षिक आम बैठक में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के एशिया कप ट्रॉफी और मेडल अपने साथ ले जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। यह घटना तब हुई जब भारत ने रविवार रात को पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल जीता था। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व कोषाध्यक्ष आशीष शेलार ने वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में भाग लिया। उन्होंने नकवी को इस मुद्दे पर पूरी तरह से घेरा।
सूर्यकुमार यादव ने नहीं ली थी ट्रॉफी
बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे, खासकर नकवी के हालिया भारत विरोधी सोशल मीडिया पोस्ट को देखते हुए। इस मामले को फिलहाल टाल दिया गया है और अब इसे बीसीसीआई और नकवी के बीच एक मध्यस्थ के जरिए सुलझाया जाएगा। बीसीसीआई ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर नकवी ने उचित कदम नहीं उठाया तो वे आईसीसी में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करेंगे।
#thebharatnews

