नोएडा: सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में 16वें फ्लोर से गिरकर महिला की मौत, इंजीनियर पति से चल रही पूछताछ
प्रियंका तिवारी पति कृष्णा कुमार के साथ सोसाइटी में रहती थीं। बताया जा रहा है कि रविवार रात बालकनी से नीचे गिरकर उनकी मौत हो गई।
नोएडा की सोसाइटी में हादसा
मनीष सिंह, नोएडा: सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह 16वीं मंजिल से अचानक नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अभी तक परिवार की तरफ से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।
थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की केपटाउन सोसाइटी में प्रियंका तिवारी अपने पति के साथ रहती थीं। पति कृष्ण कुमार पेशे से इंजीनियर हैं। रविवार की रात वह कमरे से बालकनी में गई थीं, जहां से अचानक नीचे गिर गईं। घटना की जानकारी सोसाइटी के गार्ड ने परिवार और पुलिस दोनों को दी। इसके बाद महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
प्रियंका के सिर में गंभीर चोट
बताया गया कि महिला को सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिससे खून बहुत अधिक बह गया था और इसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने आत्महत्या की या वह 16वीं मंजिल से नीचे गिर गई थी। महिला के पति से पुलिस पूछताछ कर रही है। इस मामले में अब तक परिवार की तरफ से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।
हिमाचल प्रदेश की रहने वाली थीं प्रियंका
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट प्रवक्ता ने बताया कि प्रियंका तिवारी निवासी ग्राम देहराटांडा, थाना हटवार, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) की रहने वाली थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन मौके पर मौजूद हैं। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

