गाजीपुर में कुत्तों का आतंक, एक गांव में 11 लोगों को काटा, चार मेडिकल कॉलेज रेफर, एक गाय भी घायल
UP News: गाजीपुर जिले में एक पागल कुत्ते ने आतंक मचाया। कुत्ते ने गोविंदपुर कीरत गांव में ग्यारह लोगों और एक गाय को काटा। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
अमितेश सिंह, गाजीपुर: उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के गोविंदपुर कीरत गांव में मंगलवार के दिन एक पागल कुत्ते ने आतंक मचाया। कुत्ते ने 11 लोगों और एक गाय पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरदह ले जाया गया, जहां से चार गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
गांव के समाजसेवी चतुर्भुज चौबे ने बताया कि सुबह संध्या देवी (45) अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ते ने 100 मीटर की दूरी पर हकीम अंसारी (85) को काटकर लहूलुहान कर दिया। कुत्ते ने रेशमा देवी (70), पारसनाथ राजभर (70), क्रांति देवी (55), इंद्रावती देवी (70), नन्हकू प्रजापति (45), कौशल्या यादव (50), उमेश कुमार (40), अंती देवी (46), आशा देवी (48) और अश्वनी श्रीवास्तव को भी घायल किया। एक गाय भी इस हमले का शिकार हुई।
ग्रामीण कुत्ते के तलाश में जुटे
घटना के बाद ग्रामीण लाठी डंडे लेकर कुत्ते की तलाश में जुट गए। लेकिन देर शाम तक वह नहीं मिला। सीएचसी मरदह में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने संध्या देवी, हकीम अंसारी, अंती देवी और आशा देवी को गंभीर हालत के कारण मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया। जहां उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी लालबहादुर सिंह ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। ग्रामीणों में कुत्ते के फिर से हमला करने का डर बना हुआ है।
#thebharatnews

