केंद्र सरकार के द्वारा प्याज निर्यात पर 40% टैक्स लगाए जाने का किसान कर रहे विरोध

इरफान मंसूरी शाजापुर जिले के पोलायकलां में किसानों ने मंडी के बाहर केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए प्याज के निर्यात पर 40 प्रतिशत टैक्स का विरोध करते हुए नारेबाजी की और अनिश्चितकाल के लिए मंडी बंद करने का निर्णय लिया। केन्द्र सरकार जब तक निर्यात कर कम नहीं करती तब तक किसान पोलायकलां सब्जी मंडी खुलने नहीं देंगे और कोई भी किसान अपना माल नहीं बेचेगा। किसानों ने बताया हम आर्थिक तंगी से जूझ रहे है, परंतु किसानों की सुध लेने वाला कोई भी नहीं है। प्याज के दामों में गिरावट के बाद पोलायकलां मंडी में किसानों ने प्याज नहीं बेचने का निर्णय लिया और यहां विरोध करते हुए नारेबाजी की। केंद्र सरकार के द्वारा प्याज के निर्यात पर 40% टैक्स बढ़ाने पर किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसान माल बाहर भेज नहीं पा रहा। ऐसे में प्याज के दामों में गिरावट आ रही है। पोलायकला सब्जी मंडी में 15 से अधिक गांव के किसान मंडी गेट पर इकट्ठा हुए और उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। तीन वर्षों से किसान अपने प्याज की फसल के भाव को लेकर परेशान हैं, इस बार फिर प्याज के भाव में थोड़ा सा सुधार हुआ और केंद्र सरकार के द्वारा निर्यात कर बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ने का काम किया है। केंद्र सरकार के द्वारा प्याज के ऊपर जो टैक्स लगाया गया है, उसे वापस नहीं लिया गया तो इसका खामियाजा 2023 के चुनाव में भाजपा सरकार को भुगतना पड़ेगा।

केंद्र सरकार के द्वारा प्याज निर्यात पर 40% टैक्स लगाए जाने का किसान कर रहे विरोध