जिले में पहुंचे नवागत जिलाधिकारी अनुनय झा ने संभाला कार्यभार।
महराजगंज। निवर्तमान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के ट्रांसफर होने के बाद जनपद के नवागत जिलाधिकारी अनुनय झा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इसके बाद उन्होंने जनपद में शासन के अनुरूप कार्य करने की प्रतिबंधता दोहराई। जनपद में पहुंचने पर जिलाधिकारी अनुनय झा को गार्ड ऑफ आनर दिया गया। कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने नवागत जिलाधिकारी को कार्यभार ग्रहण करवाया। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया एवं वहां मौजूद अधिकारियों कर्मचारियों से बातचीत भी की और फाइलों का रखरखाव देखा। मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि जिलाधिकारी के रूप में उनकी प्राथमिकता शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि आम जनमानस की समस्याओं की समीक्षा कर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि महराजगंज जनपद सीमावर्ती जिला होने के कारण उत्पन्न समस्याओं के संदर्भ में पड़ोसी देश नेपाल के साथ संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान का भी प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डॉक्टर पंकज वर्मा, अपर एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह, एओ श्रीनाथ धर दुबे शाहिद कलेक्ट्रेट के तमाम अधिकारी कर्मचारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

