Yamuna Expressway मत भरिएगा तेज फर्राटा वरना हवा की स्पीड से होगा चालान, 15 दिसंबर से बदल जाएगा नियम

Yamuna Expressway मत भरिएगा तेज फर्राटा वरना हवा की स्पीड से होगा चालान, 15 दिसंबर से बदल जाएगा नियम

 यमुना एक्सप्रेसवे पर 15 दिसंबर से छोटे वाहनों की गति सीमा 100 से घटाकर 75 किमी/घंटा कर दी जाएगी। सर्दियों में कोहरे के कारण दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑनलाइन चालान किया जाएगा।

 

 सर्दियों के बढ़ते प्रभाव के साथ आने वाले दिनों में घने कोहरे और धुंध फैलने की संभावना के मद्देनजर यमुना एक्सप्रेसवे पर इस सप्ताह ही वाहनों की गति को सीमित किया जाएगा। 165 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर कोहरे की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यमुना प्राधिकरण ने गति नियंत्रण के लिए कदम उठाना शुरू कर दिया है। यमुना एक्सप्रेसवे पर 15 दिसंबर से छोटे वाहनों की अधिकतम गति को 100 किलोमीटर प्रति घंटे से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटे करने का फैसला लिया गया है। तय गति सीमा का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस ऑनलाइन चालान के माध्यम से सख्त कार्रवाई करेगी।

ग्रेटर नोएडा से आगरा तक फैला 165 किलोमीटर लंबा यमुना एक्सप्रेसवे गौतमबुद्ध नगर जिले के साथ-साथ अलीगढ़, हाथरस, मथुरा और आगरा जिलों से होकर गुजरता है। यमुना नदी के किनारे होने के कारण सर्दियों में कोहरे का खतरा बढ़ जाता है। खराब दृश्यता में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशासन ने वाहनों की गति सीमित करने का कदम उठाना शुरू कर दिया है।

 

यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, 15 दिसंबर से यमुना एक्सप्रेसवे पर छोटे वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटे से कम करके 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी जाएगी। वहीं, बड़े वाहनों के लिए गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय है। गति सीमा का नियम 15 दिसंबर से लागू होकर 15 फरवरी तक जारी रहेगा। इस अवधि में निर्धारित स्पीड लिमिट का पालन न करने वाले चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई करेगी और चालान ऑनलाइन उन्हें सीधे उनके घर पर भेजा जाएगा।


सर्दियों में वाहनों को सावधानी से चलाने के लिए जेवर, मथुरा और आगरा के तीनों टोल प्लाजा पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों को सुरक्षा के जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। भारी वाहन चालकों के लिए टोल प्लाजा पर निःशुल्क चाय भी प्रदान की जा रही है ताकि उनकी थकान दूर हो सके। कोहरे और धुंध में वाहन दूर से दिखें, इसके लिए वाणिज्यिक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जा रहे हैं और पेंपलेट बांटे जा रहे हैं।


यमुना एक्सप्रेसवे के सहायक महाप्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में घने कोहरे को देखते हुए स्पीड लिमिट कम करने के साथ-साथ आठ स्थानों पर डिजिटल साइनेज डिस्प्ले लगाकर एक्सप्रेसवे पर आगे के मौसम और किसी भी दुर्घटना की जानकारी दी जाएगी। एक्सप्रेसवे की सुरक्षा में तैनात निजी सुरक्षा कर्मी गैरकानूनी पार्किंग को रोकने के अलावा सभी इंटरचेंज और कट्स पर फोग लैंप भी लगाए जा रहे हैं। यात्रियों को दुर्घटना के दौरान तुरंत चिकित्सा सहायता देने के लिए एंबुलेंस की संख्या छह से बढ़ाकर आठ कर दी जाएगी।