आज का मौसम: यूपी में शाम होते ही बढ़ी सिहरन, दिन में धूप कमजोर, अयोध्या में सर्द रात का असर
यूपी में हर रोज ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है। हालांकि, दिन में धूप से तापमान स्थिर है।
उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने लगा है। अब प्रदेश में शरीर कंपाने वाली ठंड पड़ने लगी है। इसका असर सूरज ढलने के बाद से महसूस होने लग रहा है। पिछले कुछ दिनों में रात में अब कड़ाके वाली ठंड पड़ने लगी है। हालांकि, लखनऊ में अभी भी दिन के समय मौसम बहुत हद तक ठीक है। तापमान में भी बदलाव जारी है। रामनगरी अयोध्या में लगातार न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। अयोध्या में रात के समय अच्छी खासी ठंड पड़ रही है। फिलहाल अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है।
दिन में धूप के आसार
9 दिसंबर को प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के समय तेज धूप निकल सकती है। हालांकि सुबह के समय कोहरा का असर दिखाई पड़ सकता है। राजधानी लखनऊ में सुबह से कोहरा का असर दिखने लगा है। दिन में धूप निकलने के आसार हैं। हल्की हवाओं ने लोगों को ठंड में वृद्धि का अहसास कराया है। प्रदेश में 10 और 11 दिसंबर को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ ही सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
इस अवधि में कड़ाके ठंड, बारिश एवं अन्य किसी तरह की चेतावनी नहीं जारी की गई है। 12, 13 और 14 दिसंबर को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। इस अवधि में भी मौसम को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। हालांकि कोहरा का असर रहेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। अयोध्या में सबसे कम 6.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। बरेली में 7.4 डिग्री, इटावा में 8.2 डिग्री, प्रयागराज में 8.7 डिग्री, लखीमपुर खीरी में 9 डिग्री, कानपुर शहर में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी लखनऊ में 10 डिग्री न्यूनतम और 24.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
मंगलवार से प्रदेश में तापमान में थोड़ी बहुत गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनके कारण कई जिलों में हल्के-फुल्के बादल छाए रहेंगे और दिन में धूप-छांव का सिलसिला जारी रहेगा।
बादलों के आने के आसार
इन पश्चिमी विक्षोभों के गुजरने तक कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि विक्षोभ के आगे बढ़ते ही आसमान साफ होने लगेगा और धूप-छांव वाले मौसम से राहत मिलेगी। तराई क्षेत्रों सहित प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा और धुंध देखने को मिलेगा। इससे सुबह के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर और बढ़ सकता है।
इतना ही नहीं, लखनऊ में भी इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई दे रहा है। शहर में कभी-कभार बादल छाने और फिर धूप निकलने की स्थिति बनी हुई है। इससे आने वाले समय में तापमान में और गिरावट की आशंका जताई जा रही है।

