उत्तर प्रदेश : झांसी-कानपुर हाईवे पर डिवाइडर तोड़कर ट्रक और कार से भिड़ा; दो घंटे तक धू-धू कर जलीं गाड़ियां।
Road Accidents



झांसी-कानपुर राजमार्ग पर आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब कंटेनर और कार में आग लग गयी। कंटेनर चालक को बचाया नहीं जा सका वह जिन्दा जल गया। रविवार को अपराह्न लगभग 3 बजे कंटेनर उरई से झांसी की ओर आधा दर्जन नई कार लेकर जा रहा था। वह मोठ कोतवाली के अन्तर्गत झांसी-कानपुर नेशनल हाइवे के मोठ बाइपास जोरा ओवरब्रिज पर पहुंचा।
झांसी-कानपुर राजमार्ग पर आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कंटेनर और कार में आग लग गयी। कंटेनर चालक को बचाया नहीं जा सका, वह जिन्दा जल गया।
कार में सवार जेलर व कॉन्स्टेबल बाल-बाल बच गये। राजमार्ग पर 3 घण्टे तक जैम लगा रहा। सूचना पर पहुँची पुलिस व फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, जब जाकर 3 घण्टे से लगा जैम खुलवाया जा सका।
आधा दर्जन कार ले जा रहा था कंटेनर
रविवार को अपराह्न लगभग 3 बजे कंटेनर (एनएल 01 एसी 7585) उरई से झांसी की ओर आधा दर्जन नई कार लेकर जा रहा था। वह मोठ कोतवाली के अन्तर्गत झांसी-कानपुर नेशनल हाइवे के मोठ बाइपास जोरा ओवरब्रिज पर पहुंचा। इसी बीच कंटेनर डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी ओर सड़क पर जा पहुंचा।
दूसरी ओर मिनी ट्रक UP 32 QN 4568 के चालक जिला उन्नाव, माखी निवासी अभिषेक पुत्र श्रीकृष्णा तथा परिचालक चांद खान पुत्र समसू खान हरी मिर्च लादकर गुजरात से बंगाल जा रहे थे।
कंटेनर मिनी ट्रक से जाकर टकरा गया। इसके बाद मिनी ट्रक नेशनल हाइ-वे पर पलट गया। इससे मिनी ट्रक के चालक और परिचालक घायल हो गए। कंटेनर भी मिनी ट्रक में टक्कर मारने के बाद डिवाइडर से टकरा गया।
कंटेनर का चालक केबिन में फँस गया, वह अपनी जान बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। कंटेनर में दो महिलाएं और परिचालक ने गेट का शीशा तोड़कर अपनी जान बचाई, लेकिन चालक के फंस जाने के कारण उसे नहीं निकाला सका।
कंटेनर में लदी नई कार हुईं खाक
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही उप-जिलाधिकारी मोठ परमानन्द सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने तहसील व जिलास्तरीय अधिकारियों को घटना के बारे में अवगत कराया। बस फिर क्या था पूरे जिले में घटना की गूंज सुनाई देने लगी।
फायर ब्रिगेड मोठ, कोतवाली पुलिस तथा टोल प्लाजा के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। बचाव व आग बुझाने के लिए ऑपरेशन शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चला। जिसमें झांसी से आए फायर ब्रिगेड सीएफओ राजकिशोर राय के नेतृत्व में मोठ फायर ब्रिगेड प्रभारी अनिल कुमार की टीम ने जबरदस्त साहस दिखाया।
आग बुझाने का किया गया प्रयास
निरन्तर 2 घंटे कंटेनर तथा कार में लगी आग बुझाने की कोशिश करते रहे लेकिन कंटेनर में आधा दर्जन नई कार लदी होने के कारण आग नहीं बुझ सकी। कंटेनर में रखी कार भी धू- धूकर जलने लगी। इसकी सूचना अन्य फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही गरौठा प्रभारी नूरुद्दीन, चालक जगदीश, रामकृष्ण, नरेन्द्र, रवि, मानसिंह, लक्ष्मीकान्त भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने भी आग बुझाने का काफी प्रयास किया।
कुछ क्षण बाद झांसी से फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां लेकर चालक भूपेन्द्र सिंह तथा गजेन्द्र कुमार भी सीएफओ के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंचे झांसी फायर ब्रिगेड की टीम ने भी लगभग 1 घण्टे तक आग बुझाने का काफी साहस दिखाकर 5:30 बजे कंटेनर और कार में लगी आग पर काबू पाया।
जान बचाने की गुहार लगाते-लगाते कंटेनर चालक जिन्दा जला
आग बुझाने के बाद कंटेनर की केबिन में फंसा चालक अचित कुमार मिश्रा (45) पुत्र लक्ष्मीकान्त मिश्रा निवासी निशानपट्टी थाना सुजानगंज, जौनपुर (उप्र) अपनी जान बचाने की गुहार लगाते लगाते जिन्दा जल गया। उसका कंकाल जेसीबी मशीन की मदद से कंटेनर का गेट तोड़कर बाहर निकाला गया।
पुलिस ने कंटेनर के चालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए झांसी भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंचे एसपीआरए गोपीनाथ सोनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकान्त गौतम, थाना मोठ प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डे, थाना पूंछ, समथर, चिरगांव, शाहजहांपुर प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने मोर्चा संभाला।
घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या लोग मौजूद रहे। पुलिस बल ने लगभग 2 घंटे तक भीड़ को घटना स्थल के आसपास आने नहीं आने दिया।

