दिल्ली : इस्कॉन ने मेनका गांधी को भेजा 100 करोड़ का मानहानि का नोटिस।
New Delhi
दिल्ली : इस्कॉन ने अपनी गोशाला में गायों के रखरखाव पर बीजेपी सांसद मेनका गांधी के उठाए गए सवाल को लेकर उन्हें 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक़, इस्कॉन के उपाध्यक्ष राधारमण दास ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, "इस्कॉन पर बेबुनियाद आरोप लगाने के लिए हमने मेनका गांधी को 100 करोड़ के मानहानि का नोटिस भेजा है।
उन्होंने कहा, "मेनका गांधी बिना किसी तरह बग़ैर तथ्य या प्रमाण के इस तरह का झूठ बोल सकती हैं, कह रही हैं कि वो हमारे अनंतपुर गोशाला में आई थीं लेकिन वहां हमने बात की थी. जहां से हमें जानकारी मिली कि वो नहीं आई थीं। तो अपने घर में बैठ कर इस तरह का बयान देना कि इस्कॉन अपनी सभी गायों को कसाइयों को बेच रहा है, बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने इसे झूठा आरोप बताते हुए कहा, "इस्कॉन के पूरी दुनिया के अनुयायी, समर्थक और शुभचिंतक आरोपों से बहुत दुखी हैं।
इससे पहले इस्कॉन के प्रवक्ता युधिष्ठिर गोविंद दास ने मंगलवार को इसे लेकर एक रिलीज़ जारी करते हुए कहा था, "पूर्व केंद्रीय मंत्री का एक वीडियो हमारे संज्ञान में आया है जिसमें इस्कॉन और इसके गायों की देखभाल के मानकों को लेकर निराधार और ग़लत बयानी की गई है।
उन्होंने यह भी बताया था कि भारत में इस्कॉन की 60 गोशालाएं हैं, जहां सैकड़ों की संख्या में गायों और बैलों की देखभाल की जा रही है, इन गोशालाओं में रखी गईं कई गाएं हमें बेसहारा या चोटिल अवस्था में मिली थीं. या फिर जिन्हें मारने के लिए ले जाया जा रहा था।
इसमें यह भी बताया गया कि, "हाल के दिनों में इस्कॉन ने किसानों और ग्रामीणों के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की हैं जिसमें गायों की देखभाल की तकनीक की जानकारी दी गई।

