इतनी ज्यादा नाराजगी? टिकट कटने पर पूर्व मंत्री ने CM से नहीं मिलाया हाथ
हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली लिस्ट जारी होने के बाद अब कई सीटों पर बगावत देखने को मिल रही है. आलम यह है कि अब सीट दर सीट नाराजगी देखने को मिल रही है.
2019 तक खट्टर सरकार में मंत्री रहे कर्ण देव कंबोज की भी टिकट कट गई और अब वह नाराज हैं. उनकी नाराजगी दूर करने के लिए सीएम नायब सैनी खुद उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे, लेकिन यहां उन्हें शर्मंदगी झेलनी पड़ी. पूर्व राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज यमुनानगर के रादौर और करनाल के इंद्री से टिकट की आस लगाए बैठे थे, लेकिन पार्टी ने दोनों ही सीटों पर उन्हें दरकिनार कर दिया. इसका वीडियो भी अब सामने आया है और वायरल होने लगा है.
इसके तुरंत बाद पूर्व राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया. जैसे ही यह खबर पार्टी तक पहुंची तो उन्हें मनाने की कोशिश की गई मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद उनके गांव मंधार पहुंचे. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कर्ण देव कंबोज की तरफ हाथ मिलाने के लिए बढ़ाया तो उन्होंने अपने हाथ पीछे खींच लिए और मुख्यमंत्री को नजर अंदाज कर दिया. वह हाथ जोड़ते हुए आगे बढ़े और साथ वाली सीट पर बैठ गए. इससे जाहिर होता है कि पूर्व राज्य मंत्री को टिकट न मिलने की कितनी टीस पहुंची है. टिकट न मिलने से उनके वर्कर भी काफी नाराज है और उन्होंने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की है.

