CBI ने इकठ्ठा किए संजय रॉय के दांत के निशान

CBI ने इकठ्ठा किए संजय रॉय के दांत के निशान

कोलकाता के आर जी कर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को 30 दिन से भी ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन पीड़िता को न्याय के लिए लगातार प्रदर्शन हो रहा है।

इस मामले में सीबीआई भी लगातार जांच और पूछताछ कर रही है। इस बीच, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने गुरुवार को इस घटना के मुख्य आरोपी संजय रॉय के दांतों के निशान लिए।

इस बारे में सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच में संजय रॉय के दांतो के निशान बतौर सबूत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मृतका प्रशिक्षु डॉक्टर के शरीर पर काटने के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसके बारे में बताया गया था। ऐसे में अब मृतका के शरीर पर पाए गए निशानों का आरोपी के दांत के निशान से मिलान किया जाएगा।

गौरतलब है कि कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद सीबीआई इस घटना की जांच कर रही है। इससे पहले, बुधवार को सीबीआई ने मामले की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार आरोपी संजय रॉय से पूछताछ की थी। इसके अलावा केंद्रीय जांच एजेंसी की एक अन्य टीम ने सुबह चार जूनियर डॉक्टरों से भी पूछताछ की थी।

इतना ही नहीं, बाद में सीबीआई द्वारा कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (उत्तर) अभिषेक गुप्ता और डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) स्पेशल के डिप्टी कमिश्नर विदित राज भुंडेश से उसी जांच के हिस्से के रूप में पूछताछ की गई थी। पुलिसवालों से सीबीआई ने मामले में उनके द्वारा की गई जांच के बारे में जानकारी ली थी।