वायुसेना प्रमुख ने LAC तेजस की डिलीवरी में हो रही देरी पर जताई चिंता

वायुसेना प्रमुख ने LAC तेजस की डिलीवरी में हो रही देरी पर जताई चिंता

वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी ने लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट एलसीए तेजस फाइटर जेट की डिलीवरी में देरी को लेकर हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को स्पष्ट संदेश दे दिया है। एयर चीफ मार्शल ने कहा कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत एलसीए की मैन्युफैक्चरिंग के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रोडक्शन लाइनें बनाई जाएं।

ताकि तेजस की डिलीवरी में हो रही देरी से निपटा जा सके। वहीं तेजस के इंजन सप्लाई करने वाली अमेरिकी कंपनी जीई एयरोस्पेस एचएएल को नवंबर से F404 इंजन की डिलीवरी करना शुरू करेगी, जिसके बाद तेजस के प्रोडक्शन में तेजी आने की उम्मीद है।

जोधपुर में वायुसेना की मल्टीनेशनल एयर एक्सरसाइज तरंग शक्ति के दूसरे फेज की समाप्ति पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कहा कि तेजस फाइटर जेट की सप्लाई में हो रही देरी को दूर करने के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत ज्यादा से ज्यादा प्रोडक्शन लाइनें बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एचएएल को प्रोडक्शन बढ़ाने और तय समयसीमा पर विमानों की डिलीवरी करने के लिए समाधान खोजने में अहम भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि तरंग शक्ति एक्सरसाइज में एलसीए का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। लेकिन अहम सवाल हमारी जरूरतों के साथ प्रोडक्शन को भी देखना है। 83 एलसीए एमके-1ए के हमारे मौजूदा ऑर्डर के बाद 97 और तेजस का ऑर्डर है, जिनकी डिलीवरी में काफी लंबा समय लगेगा।