रोडवेज स्टेशन पर महिला से कर रहे थे छेड़छाड़, कंडक्टर ने टोका तो पीट-पीट कर किया अधमरा, भयानक है वीडियो
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन का एक भयानक वीडियो सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि कैसे कंडक्टर को कुछ लोग बस अड्डे पर बेरहमी से पीटते हैं. हैरान करने वाली बात ये है कि रोडवेज स्टेशन से चंद कदम की दूरी पर पुलिस कोतवाली है.
इसके बावजूद कंडक्टर के साथ खुलेआम कुछ लोग मारपीट करते हैं.
इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. लोग पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. कंडक्टर को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है. पीड़ित कंडक्टर की हालत काफी नाजुक है और वो प्राइवेट हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है.
रात के समय हुआ हमला
हल्द्वानी बस स्टेशन पर ये भयानक वारदात करीब साढ़े 9 बजे की है. यहां कंडक्टर विवेक कुमार अपने साथियों के साथ बस अड्डे पर खड़े थे. इसी बीच वहां एक शख्स आता है. वो वहां पर मौजूद एक महिला से छेड़खानी करने लगता है. उसकी हरकतों को देखने के बाद कंडक्टर विवेक कुमार उसे टोकते हैं. इस पर वो भड़क जाता है तो कंडक्टर के साथ अभद्रता करने लगता है.
एक घंटे बाद बाद वापस आकर किया हमला
हंगामा होने के बाद वो शख्स वहां से निकल जाता है. इसके एक घंटे बाद वो शख्स दोबारा लौटता है. वो दोबारा कंडक्टर विवेक के पास जाता है और उससे पहले बहस करने लगता है. इसके बाद वो धक्कामुक्की करता है और किसी नुकीली चीज से उसके कान पर वार करता है. इसके बाद वीडियो में नजर आ रहा है कि कंडक्टर
जमीन पर गिरता है. वहां मौजूद लोग उसे उठाते हुए नजर आते हैं.
हमला करने के बाद फरार
कंडक्टर पर हमला करने के बाद आरोपी वहां से भाग जाता है. हालांकि लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वो फिर भी बचकर निकल जाता है. रोडवेड में हुई घटना से वहां हड़कंप मच जाता है. कंडक्टर को डॉक्टरों ने 24 घंटे की निगरानी में रखा है. इस पूरे मामले पर कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है. पुलिस जल्द ही आरोपी को पकड़ लेगी.


sachin sharma