बहनों ने राखी बांधकर की भाई की लंबी उम्र की कामना।
महराजगंज। बृहस्पतिवार को भाई बहन के प्यार और स्नेह का त्योहार रक्षा बंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर लंबी उम्र की कामना की। वहीं भाईयों ने भी बहन की सुरक्षा का संकल्प दोहराया। बच्चों से लेकर बड़ों तक ने भाई बहन के पर्व को बड़े उत्साह के साथ मनाया।

दरअसल भद्रा के चलते तिथियों के उलट फेर से यह पर्व 30 एवं 31 अगस्त दोनों दिन मनाया गया।
सुबह से हीं रक्षाबंधन की तैयारी में बहनें जुटी दिखी। बहनों ने राखी की थाली सजाई। इसमें रोली, चंदन, अक्षत, दही, राखी और मिठाई रखी गई और घी का दीपक जलाया गया। पूजा की थाली को सबसे पहले भगवान को समर्पित किया गया। उसके बाद शुभ मुहूर्त पर बहनों ने पूरे विधि विधान से भाई की आरती उतारते हुए मुंह मीठा करा कलाई पर राखी बांध लंबी उम्र की कामना की। इस पर्व को लेकर पूरे दिन क्षेत्र में चहल पहल देखी गई। कहीं भाई बहनों के यहां जाकर तो कहीं बहनें भाई के यहां जाकर राखी बंधवाया तथा उसके रक्षा करने का बचन दिया। रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी काफी चहल पहल देखी गई। खासकर मिठाई, कपड़ा एवं राखी की दुकानों पर अधिक भीड़ थी। रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही कई मंदिरों में पूजा अर्चना को लेकर लंबी कतार लगी। रक्षाबंधन को लेकर क्षेत्र में चहल-पहल का माहौल देखा गया।

