दो महीने का खेल,अरबों डॉलर का साम्राज्य, निवेशकों की पहली पसंद बन गया IPL

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 28 मार्च से हो चुका है। बता दें कि यह दुनिया की सबसे सफल टी20 लीग मानी जाती है। 2 महीने तक चलने वाले आईपीएल का कद बढ़ता जा रहा है। लोग इसमें बढ़ चढ़कर निवेश कर रहे हैं।

दो महीने का खेल,अरबों डॉलर का साम्राज्य, निवेशकों की पहली पसंद बन गया IPL

नई दिल्ली: बुधवार की शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के मुकाबले से पहले, जब टॉस देखने के लिए मोबाइल पर जियोहॉटस्टार खोला, तो स्क्रीन पर 55 लाख व्यूअर पहले से मौजूद थे। टॉस के साथ यह संख्या 73 लाख तक पहुंची और जैसे ही पहली गेंद डाली गई, व्यूअरशिप ने जबर्दस्त उछाल लेते हुए 1.55 करोड़ का आंकड़ा छू लिया। पहले ओवर के खत्म होने तक 3.1 करोड़ लोग ऑनलाइन इस मैच से जुड़ चुके थे। भला ऐसा कहां होता है कि महज 40 मिनट में व्यूअरशिप ग्राफ 464 प्रतिशत की छलांग लगा दे! कुछ इसी अंदाज में इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) का कद भी हर गुजरते मैच के साथ और ऊंचा होता जा रहा है। IPL अब सिर्फ क्रिकेट का टूर्नामेंट नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे आकर्षक और भरोसेमंद निवेश विकल्पों में शुमार हो चुका है।


डिमांड और स्प्लाई का गणित

हाल ही में Royal Challengers Bnglore RCB) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की हिस्सेदारी की बिक्री ने पूरे खेल और कॉरपोरेट जगत को चौंका दिया। यह सौदे इस बात के ठोस सबूत हैं कि IPL अब एक ग्लोबल ‘एसेट क्लास’ के रूप में स्थापित हो चुका है। RCB की वैल्यूएशन जहां लगभग 1.78 बिलियन डॉलर (करीब 16,600 करोड़ रुपये) आंकी गई, वहीं राजस्थान रॉयल्स की कीमत 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,290 करोड़ रुपये) तक पहुंच चुकी है। इन ऊंची कीमतों के पीछे सबसे बड़ा गणित ‘डिमांड और सप्लाई’ का ही है।

 

लीग में फिलहाल सिर्फ 10 टीमें हैं और दुनिया भर के निवेशक भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था और क्रिकेट के प्रति अटूट दीवानगी का हिस्सा बनना चाहते हैं। इसके साथ ही, BCCI के नए मीडिया राइट्स समझौतों ने हर टीम के लिए भारी और सुनिश्चित मुनाफे की गारंटी दे दी है। जब जोखिम कम और रिटर्न लगभग तय हो, तो निवेशक कदम पीछे क्यों खींचेंगे?



कहां से कहां तक

अगर IPL के इतिहास के पन्ने पलटें, तो इसकी ग्रोथ किसी चमत्कार से कम नहीं लगती। साल 2008 में पहले ऑक्शन के दौरान बेंगलुरु की टीम 111.6 मिलियन डॉलर (करीब 450 करोड़ रुपये) में बिकी थी। आज इसकी कीमत कई गुना बढ़ चुकी है। राजस्थान रॉयल्स की कहानी और भी दिलचस्प है। शुरुआती सीजन में यह टीम सबसे कम कीमत (67 मिलियन डॉलर) में बिकी थी, लेकिन आज इसके वैल्यू में 2000 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आ चुका है। इस उछाल की बड़ी वजह मीडिया राइट्स हैं। साल 2023 से 2027 के चक्र के लिए IPL के मीडिया राइट्स करीब 48,390 करोड़ रुपये में बिके, जिनका बड़ा हिस्सा सीधे टीमों के खाते में जाता है। इसी कारण IPL की प्रति मैच कमाई दुनिया की किसी भी क्रिकेट लीग से कहीं ज्यादा हो गई है।



हर हाल में 'बिजनेस' की गारंटी

जियोहॉटस्टार जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने व्यूअरशिप ही नहीं, बल्कि विज्ञापन से होने वाली कमाई को भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। ब्लैकस्टोन और CVC कैपिटल जैसे बड़े ग्लोबल इन्वेस्टर की मौजूदगी बताती है कि IPL अब एक बेहद मजबूत और भरोसेमंद 'बिजनेस मॉडल' बन चुका है। लीग की निरंतरता इसकी सबसे बड़ी ताकत है। कोविड जैसी वैश्विक आपदा हो या देश में चुनाव, IPL रुका नहीं। जरूरत पड़ने पर इसे विदेशी धरती पर भी सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। किसी भी बिजनेस के लिए इससे बड़ी गारंटी शायद ही हो सकती है।



नंबर-1 की तरफ बढ़ते कदम

आज IPL का इकोसिस्टम 16 बिलियन डॉलर से ज्यादा का हो चुका है। रेवेन्यू के मामले में अब इससे आगे केवल अमेरिका की NFL (नेशनल फुटबॉल लीग) है। महज दो महीने के सीजन के बावजूद IPL प्रति मैच वैल्यूएशन में इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) जैसी दिग्गज फुटबॉल लीग को भी पीछे छोड़ चुका है। आने वाले समय में भले ही बाजार में थोड़ी अस्थिरता दिखे, लेकिन यह अस्थायी होगी।


युवा सितारों के उभार, तेज रफ्तार बल्लेबाजी और बढ़ते स्कोरिंग ट्रेंड के साथ IPL का ग्राफ फिर ऊपर जाएगा। साल 2027 में नए मीडिया राइट्स की नीलामी और टीमों की संख्या बढ़ने की संभावना के साथ लीग की वैल्यूएशन 19–20 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। IPL अब सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था का ऐसा 'पावर हाउस' है, जिसने साबित कर दिया है कि सही 'बिजनेस मॉडल' के साथ खेल भी 'सोना उगलने वाली मशीन' बन सकता है।