तुम नहीं बताओगे कि हमें क्या करना है... ओवल का क्यूरेटर भिड़ रहा था, गौतम गंभीर ने यूं लतेड़ दिया
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज आखिरी मुकाबला गुरुवार से खेला जाना है। लेकिन इस मैच से पहले ही एक बवाल वाली खबर निकलकर सामने आई है।
ओवल के क्यूरेटर से भिड़े गौतम गंभीर
लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज काफी रोमांचक हो चली है। इस सीरीज के 4 मुकाबले खत्म होने के बाद इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे है। वहीं इस सीरीज के आखिरी मैच में टीम इंडिया सीरीज बचाने के लिए इंग्लैंड का सामना करेगी। हालांकि इस मैच से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया के हेड कोच Gautam Gambhir मंगलवार को ओवल के चीफ क्यूरेटर ली फोर्टिस के साथ बहस में उलझ गए। खबरों के अनुसार गंभीर को ग्राउंड स्टाफ पर उंगली उठाते हुए यह कहते हुए सुना गया, 'आप हमें यह नहीं बताएंगे कि हमें क्या करने की जरूरत है।'
सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि गंभीर क्यूरेटर के साथ बहस कर रहे हैं। भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक को बीच-बचाव करना पड़ा और उन्होंने स्थिति को शांत किया। फोर्टिस ने गंभीर से कहा, 'मुझे इसकी रिपोर्ट करनी होगी।' इस पर भारतीय हेड कोच ने तीखे स्वर में जवाब दिया, 'आप जाकर जो चाहें रिपोर्ट कर सकते हैं।' कोटक ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और क्यूरेटर को एक अलग कोने में ले जाकर कहा, 'हम कुछ भी नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।'
हमें मत बताइए क्या करना है- गंभीर
वीडियो में देखने पर पता चल रहा है कि गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और सहायक कोच रयान टेन डोशेट जैसे अन्य भारतीय सहयोगी स्टाफ भी इस बहस को ध्यान से सुनते हुए दिखाई दिए। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दोनों के बीच बहस क्यों हुई, लेकिन गंभीर और फोर्टिस अभ्यास के लिए पिचों की स्थिति को लेकर बहस करते दिखाई दिए। हालांकि, गंभीर ने फिर से फोर्टिस से कहा कि उन्हें यह नहीं बताना चाहिए कि क्या करना चाहिए। वीडियो में गंभीर कहते दिखाई दे रहे हैं- आप हमें यह नहीं बता सकते कि क्या करना है। आप बस एक ग्राउंड्समैन हैं, इससे ज्यादा कुछ नहीं।
#thebharatnews

