यूक्रेन का रूस पर 2 साल में सबसे बड़ा हमला, रातभर में दागे 555 ड्रोन, ऑइल रिफाइनरी में आग, उड़ानें रुकी

रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी, 2022 से लगातार लड़ाई जारी है। रूसी सेना के यूक्रेन पर हमले के बाद से कई कोशिशों के बावजूद इस जंग को रोका नहीं जो सका है। इसमें जानमाल का भारी नुकसान हो रहा है।

यूक्रेन का रूस पर 2 साल में सबसे बड़ा हमला, रातभर में दागे 555 ड्रोन, ऑइल रिफाइनरी में आग, उड़ानें रुकी

कीव: यूक्रेन ने रूस पर 500 से ज्यादा ड्रोन दागते हुए बड़ा हमला किया है। हमले में ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया है और मॉस्को एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। रूसी अधिकारियों ने गुरुवार को बताया है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश में यूक्रेन के कुल 555 ड्रोन को मार गिराया है। इसमें से 194 ड्रोन से सिर्फ राजधानी मॉस्को को निशाना बनाया गया। हमले के बाद मॉस्को की कपोटन्या ऑयल रिफाइनरी से धुएं का गुबार निकलता देखा गया है।

रूसी सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेन ने एक हफ्ते में दूसरी बार मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी पर हमला किया और एयरपोर्ट पर कमर्शियल उड़ानों को बाधित किया। चार साल से ज्यादा समय से चल रही इस लड़ाई में यह रूस पर यूक्रेनी सेना के अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक है। इसे बीते दो साल का यूक्रेन का रूस पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है।

एयरपोर्ट पर उड़ाने रुकीं

ट्रांसपोर्ट और एविएशन अधिकारियों ने बताया कि मॉस्को के चार एयरपोर्ट से उड़ानें कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी हैं। गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव के मुताबिक, मॉस्को के आसपास के इलाके में जुकोवस्की शहर में ड्रोन ने एक रिहायशी बिल्डिंग पर हमला किया है। ड्रोन का मलबा प्राइवेट घरों, एक फिटनेस सेंटर और एक बड़े मॉल पर गिरा है। उन्होंने कहा कि इसमें एक महिला घायल हुई है।

यूक्रेन के हमले के बाद क्रेमलिन से 15 किलोमीटर (9 मील) दूर स्थित मॉस्को ऑयल रिफाइनरी में आग लगी हुई दिखाई दी। इससे शहर के ऊपर धुएं के घने काले बादल छा गए। यह रूस की सबसे बड़ी रिफाइनरियों में से एक है। मॉस्को क्षेत्र के ईंधन का एक तिहाई से अधिक हिस्सा इससे आता है। इससे पहले 16 जून को इस रिफाइनरी पर यूक्रेनी ड्रोन से हमला हुआ था।

क्रेन के निशाने पर ऑइल फैसिलिटी

रूस पर यह ड्रोन हमला यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुआ जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय कॉल हुई है। जेलेंस्की ने कहा कि इस कॉल से बदलाव आ सकता है क्योंकि उनको समर्थन का महत्वपूर्ण वादा मिला है।

यूक्रेन ने बार-बार रूस की तेल फैसिलिटी को निशाना बनाया है। इसका मकसद मॉस्को की कमाई कम करना है। यह हमला रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन के लिए झटका हैं। पुतिन गुरुवार को मॉस्को से 700 किलोमीटर दूर कजान में हैं, जहां वे एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस के नेताओं की मेजबानी कर रहे थे।

यूक्रेन ने रूसी सप्लाई लाइन में रुकावट डाली

एनालिस्ट का कहना है कि G7 समिट में पश्चिमी सपोर्टर्स से ज्यादा डिप्लोमैटिक और मिलिट्री मदद का वादा पाने के साथ यूक्रेन ने अपने हाई-टेक ड्रोन की वजह से रूस के खिलाफ लड़ाई में तेजी पकड़ी है। रूसी तेल प्रोडक्शन में रुकावट डालने के लिए लंबी दूरी के ड्रोन हमले यूक्रेन के कब्जे वाले इलाकों में रूसी सप्लाई लाइन को रोक रहे हैं।