ट्राला के पहियों से नीचे सिर आने युवक की मौत, 12 किमी. लंबा जाम लगा

कानपुर-इटावा हाईवे पर भौंती गौशाला के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्राला की चपेट में आकर गर्म कपड़ों की फेरी लगाने वाले युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। इससे करीब 12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने ट्राला को कब्जे में लेकर शव हटवाकर दो घंटे में किसी तरह जाम खुलवाया। कानपुर देहात के डेरापुर रंजीतपुर निवासी देव सिंह का बेटा बलराम (24) गर्म कपड़ों की फेरी लगाता था। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से अयोध्या से घर लौट रहा था। भौंती हाईवे पर गौशाला के सामने स्लिप रोड पर उतरने के दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राला ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बलराम बाइक से उछलकर हाईवे के बीच में जा गिरा। चालक ने ट्राला भगाने के चक्कर में बलराम को रौंद डाला। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के चलते हाईवे पर जाम लगने लगा। कुछ ही देर में करीब 12 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बलराम के मोबाइल से उसके रिश्तेदार रावेंद्र को सूचना दी। फिर शव को मौके से हटाकर पोस्टमाॅर्टम हाउस भिजवाया। इस बीच चालक ट्रॉला छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्राला कब्जे में ले लिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस जाम खुलवा सकी। सचेंडी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ट्राला चालक की तलाश की जा रही है। अयोध्या में बेचता था कपड़े चचेरे बहनोई रावेंद्र ने बताया कि बलराम के पिता खेती करते हैं। रावेंद्र ने बताया कि दो महीने पहले ही बलराम की शादी पक्की हुई थी। मार्च माह में शादी होनी थी। काफी समय में बलराम अयोध्या में कपड़े बेचता था। रविवार को बाइक से परिजनों से मिलने घर जा रहा था। उसके दो छोटे भाई व एक बहन हैं।

ट्राला के पहियों से नीचे सिर आने युवक की मौत, 12 किमी. लंबा जाम लगा