गर्मी ही क्या थी कम जो अंधाधुंध बिजली कटौती ढा रही सितम।

गर्मी ही क्या थी कम जो अंधाधुंध बिजली कटौती ढा रही सितम।

महराजगंज। सरकार बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 18 और शहरी क्षेत्रों में 21 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कर रही है लेकिन जिले में दावे के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही है। शहर से लेकर गांव तक लोग बिजली कटौती और लो-वोल्टेज आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। गर्मी से बेहाल लोगों का दिन तो किसी तरह कट जाता है, लेकिन रात की कटौती लोगों को रूला दे रही है। एक तो उमस भरी गर्मी ऊपर से लो-वोल्टेज के साथ बिजली की आंख मिचौली से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। रात में नींद पूरी नहीं होने के कारण सुबह सिर में दर्द की समस्या से लोग परेशान रहे। रात में करीब 10 बार बिजली गुल हुई थी। इसकी वजह से न रात में नींद पूरी हो सकी और न ही उमस भरी गर्मी की वजह से दिन में चैन मिल सका। रात में लो-वोल्टेज के साथ ही गुल हो रही बिजली ने लोगों की नींद भी खराब कर दी। शहर के 25 मोहल्लों में करीब 12 मोहल्लों में वोल्टेज की समस्या है। शनिवार को पड़ताल के दौरान गांधी नगर, शास्त्री नगर, आजाद नगर, जय प्रकाश नगर, अमरूतिया, वीर बहादुर नगर, सिविल लाइंस समेत अन्य मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या मिली। लोगों के अनुसार रात में पंखा धीरे-धीरे घूम रहा था। रात के करीब दो बजे के बाद वोल्टेज कुछ ठीक हुआ। 

शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार बिजली सप्लाई नहीं हो पा रही है जिससे उमस भरी गर्मी के बीच लोग त्रस्त हैं। बीते कुछ दिनों से महराजगंज शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में हो रही बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या से लोग खासे परेशान हैं। इन दोनों समस्याओं से छुटकारा कब मिलेगी यह बताने वाला कोई नहीं है। बिजली व्यवस्था में सुधार की बजाए दिनों दिन स्थिति बिगड़ती जा रही है। जिसके प्रति न तो निर्वाचित जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे है और ना ही विभाग के जिम्मेदार अफसर। बता दें कि क्षेत्र के जागरूक नागरिक लगातार विद्युत व्यवस्था में स्थायी सुधार की मांग करते आ रहे हैं लेकिन व्यवस्था दुरुस्त होती नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे व बुजुर्ग उमस के चलते खासे परेशान रहते हैं।

*शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। लोकल फाल्ट की वजह से बिजली गुल होती है। कटौती नहीं हो रही है। अवर अभियंता को निर्देशित किया गया है कि कहीं समस्या होने पर त्वरित समाधान करें। ट्रांसफार्मर बढ़ोतरी के बिजनेस प्लान के अंतर्गत शासन को प्रस्ताव भेजे गए है स्वीकृत मिलने पर प्राथमिकता स्तर पर चयनित स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगवाया जाएगा ताकि लोगो को सुचारू रूप से निर्बाध बिजली मिल सके।*

राहुल शर्मा

एक्सियन सदर बिजली विभाग महराजगंज।