शाजापुर - अगले 50 दिन में पूरा करें सीवरेज कनेक्शन का शेष काम, कलेक्टर कन्याल ने एजेंसी को दिए सख्त निर्देश
शाजापुर। नगर में सीवरेज कनेक्शन देने के चल रहे कार्य में एजेंसी तेजी लाए तथा अपनी कार्यक्षमता में वृद्धि कर अगले 50 दिनों में शेष मकानों को सीवेज कनेक्शन देना सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर किशोर कन्याल ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान दिये। इस अवसर पर नगरपालिका सीएमओ डॉ. मधु सक्सेना, निर्माण ऐजेंसी के प्रबंधक हीरेन भाई पटेल भी उपस्थित थे।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मकानों से आने वाले मलजल युक्त पानी के उपचार के तरीकों की जानकारी ऐजेंसी से ली। इस दौरान उन्होंने संयंत्र की प्रणाली का भी अवलोकन किया। इसके बाद घरों में दिये जा रहे कनेक्शन की जानकारी लेने के लिए बादशाहपुल निवासी सरिता के मकान में लगे कनेक्शन का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि शाजापुर नगर के सीवेज उपचार के लिए 73 करोड़ रूपये लागत का प्रोजेक्ट क्रियान्वित किया जा रहा है। इसमें अब तक 116 किलोमीटर की सीवेज लाईन शहर में बिछाई गई है तथा 06 पंपिंग स्टेशन लगाए गए हैं वहीं 11 एमएलडी का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है। इस ट्रीटमेंट प्लांट में वर्तमान में 5600 घरों का साढ़े तीन एमएलडी (मलजल) पहुंच रहा है, जिसका उपचार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि शाजापुर नगर में कुल 13000 मकानों के सीवरेज कनेक्शन दिये जाने है। जिसमें से 5600 मकानों का कनेक्शन दिया जा चुका है, जिसका मलजल का उपचार ट्रीटमेंट प्लांट में किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्माण ऐजेंसी को निर्देश दिये कि अगले 50 दिनों में शेष 7400 मकानों को सीवरेज लाईन से जोड़ने का काम पूरा करें। कलेक्टर ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से प्रतिदिन निकलने वाले उपचारित 11 एमएलडी पानी (पीने योग्य नहीं) को राजराजेश्वरी मंदिर के पास चीलर नदी में डालने की कार्ययोजना बनाई जायेगी, ताकि नदी में प्रतिदिन 11 एमएलडी पानी आने से नदी में बहाव वर्षभर बना रहेगा।

