गाजियाबाद: मोदीनगर के कोतवाली प्रभारी निलंबित, लापरवाही और जनता से दुर्व्यवहार करने पर हुई कार्यवाई, सर्राफ दीपक की मौत के मामले को भी छुपाया

गाजियाबाद: मोदीनगर के कोतवाली प्रभारी निलंबित, लापरवाही और जनता से दुर्व्यवहार करने पर हुई कार्यवाई, सर्राफ दीपक की मौत के मामले को भी छुपाया

                   मोदीनगर कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह 

मोदीनगर में लापरवाही और क्षेत्र की जनता से दुर्व्यवहार के मामले में डीसीपी ग्रामीण जोन ने मोदीनगर कोतवाली प्रभारी भानू प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया। एसएचओ ने दो दिन पहले सर्राफ दीपक की मौत की घटना को दिनभर अ​धिकारियों से छुपाए रखा था। जनता से दुर्व्यवहार और क्षेत्र में अपराध रोकने में नाकाम एसएचओ पहले से ही अ​धिकारियों के निशाने पर थे।

डीसीपी ग्रामीण जोन विवेक यादव ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को सह संबंध में रह रहे सर्राफ दीपक उर्फ रा​शिद को महिला मित्र ने उसके परिजनों पर अगवा करने का आरोप लगाया ​था। इसी दौरान सर्राफ की मौत हो गई थी। एसएचओ भानू प्रताप सिंह ने किसी भी अ​धिकारी को घटना की जानकारी नहीं दी। शाम को एसीपी ज्ञानप्रकाश राय कोतवाली पहुंचे तो अधिकारियों को मामले की जानकारी लगी। डीसीपी ने एसीपी को मामले की जांच सौंपी तो एसएचओ की लापरवाही मिली। इसके अलावा क्षेत्र की जनता से दुर्व्यवहार की ​शिकायतें मिलने से भी अ​धिकारी एसएचओ से नाराज चल रहे थे। उधर कुछ दिन पूर्व नगर की एक कॉलोनी में गोवंश को कार से कुचलने के मामले में भी एसएचओ की लापरवाही सामने आई थी। 

अ​धिकारियों के हस्तक्षेप के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई ​थी। हिन्दू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री नीरज शर्मा ने घटना की जानकारी मेनका गांधी को दी थी। मेनका गांधी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर से ​शिकायत की थी। इसके अलावा लक्ष्मी गुप्ता हत्याकांड और धर्मांतरण के मामले में भी एसएचओ अ​धिकारियों को निशाने पर थे। क्षेत्र में लगातार हो रहीं छीनैती और लूट की घटनाओं लेकर भी अ​धिकारी एसएचओ से नाखुश थे। 

पुलिस के साथ हुई मारपीट के मामले में भी एसएचओ की काफी किरकिरी हुई थी। कुछ युवकों के परिजनों ने एसएचओ के एक तथाक​थित रिश्तेदार पर कोतवाली चलाने का आरोप लगाते हुए मामले की ​शिकायत तत्कालीन डीसीपी ग्रामीण जोन से की थी। डीसीपी ग्रामीण जोन विवेक यादव का कहना है कि किसी भी कीमत पर अनुशासनहीनता, लापरवाही और जनता से दुर्व्यवहार बर्दाशत नहीं किया जाएगा।