‘उन्हें कभी नहीं भुलाया जाएगा’, पीएम मोदी ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों को ऐसे किया याद

PM Modi Pahalgam Terror Attack: पीएम मोदी ने बीते साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले मासूमों को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत कभी नहीं झुकेगा। जिन्होंने अपनी जान गंवाई उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।

‘उन्हें कभी नहीं भुलाया जाएगा’, पीएम मोदी ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों को ऐसे किया याद

नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले को एक साल पूरा हो गया है और इस मौके पर प्रधानमंत्री Narendra Modi  ने उस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जो आज भी इस अपार दुख को झेल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भारत आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा और न ही कभी आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कामयाब होंगे।


आतंकियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे: PM

पीएम मोदी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को हम याद कर रहे हैं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं, जो इस अपार क्षति का सामना कर रहे हैं। एक राष्ट्र के रूप में, हम इस दुख और संकल्प की घड़ी में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।'

पिछले साल पहलगाम में धर्म पूछकर मारी गई गोलियां

बीते साल 22 अप्रैल 2025 को ही पहलगाम के बैसरन घाटी में घूमने आए सैलानियों पर आतंकवादियों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी थी। इस हमले में 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गई थी आतंकियों ने लोगों से उनका नाम और धर्म पूछकर, महिलाओं और बच्चों के सामने ही उन्हें गोली मार दी। इस घटना ने पूरे देश को गुस्से और दुख से भर दिया था।


फिर भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर

हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया और ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के नौ ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। इसके बाद भी सेना का अभियान जारी रहा। सबसे बड़ी सफलता 28 जुलाई 2025 को मिली जब ऑपरेशन महादेव के तहत सेना ने उन आतंकियों को ढूंढकर मार गिराया, जो इस हमले के जिम्मेदार थे।