शाजापुर - कंजर डेरो पर आबकारी विभाग की दबिश, 215 लीटर कच्ची शराब, 9500 किलोग्राम लहान ज़ब्त

शाजापुर - कंजर डेरो पर आबकारी विभाग की दबिश, 215 लीटर कच्ची शराब, 9500 किलोग्राम लहान ज़ब्त

 शाजापुर। आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए शुक्रवार को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में एवं जिला आबकारी अधिकारी सुश्री निधि जैन के मार्गदर्शन में मदिरा के अवैध निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर नियंत्रण करने के लिए अलग अलग स्थानो पर कच्ची शराब बनानें वाले कंजर डेरो पर आबकारी विभाग द्वारा दबिश डाली गई, जिसमें 215 लीटर कच्ची शराब, 9500 किलोग्राम लहान ज़ब्त किया गया। विभाग द्वारा आबकारी अधिनियम के तहत कुल 12 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये। आबकारी अधिकारी सुश्री जैन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग के वृत्त शाजापुर क्रमांक 2 के दल द्वारा माधवपुर व देवड़ा कंजर डेरो में दबिश दी गई। दबिश के दौरान 125 लीटर हाथभटृटी मदिरा, एवं लगमग 6700 किलोग्राम गुड़ लाहन जप्त किया गया। इसी तरह मोहन बडोदिया कंजर डेरा से वृत्त शाजापुर क्रमांक 1 के दल द्वारा ग्राम निपानियां कंजर डेरा में दी गई दबिश के दौरान 85 लीटर हाथभटृटी मदिरा, एवं लगमग 2800 किलोग्राम गुड़ लाहन जप्त किया गया। वृत शुजालपुर के द्वारा कालापीपल ग्राम रोशी में दबिश दी गई, जिसमें 5 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जप्त की गई। आबकारी विभाग द्वारा सभी स्थानों पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किये गये। कार्रवाई में सुंदरसी थाना प्रभारी मनोहर सिंह, बीट प्रभारी प्रदीप तोमर आबकारी उप निरीक्षक मीनाक्षी बोर्दिया, आबकारी आरक्षक अमित शर्मा, नगर सैनिक ओम प्रकाश दुबे व सुंदरसी पुलिस बल की विशेष भूमिका रही। मोहन बडोदिया कंजर डेरा थाना मोहन बडोदिया पुलिस बल एवं आबकारी विभाग से सहायक आबकारी अधिकारी रमेश पंद्रे, आरक्षक दिनेश कुमार कौशिक, नगर सैनिक शैलेष कुमार कौशिक की विशेष भूमिका रही। शुजालपुर क्षेत्र में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अशोक खत्री एवं आबकारी उप निरीक्षक सुरेश पटेल तथा आबकारी आरक्षक लाखन सिसोदिया की विशेष भूमिका रही।