यूपी में 150 करोड़ की ड्रग्स बरामद

यूपी में 150 करोड़ की ड्रग्स बरामद

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में स्वाट टीम, थाना इकोटेक वन और थाना दादरी पुलिस की संयुक्त टीम को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मकान में विदेशी नागरिकों द्वारा चलाई जा रही ड्रग्स के फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी में पुलिस ने चार नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही पुलिस ने मकान से 26 किलो 670 ग्राम MDMA मैथ ड्रग्स बरामद किया है.

साथ ही करीब 50 करोड़ का रॉ मेटेरियल भी पुलिस ने कब्जे में लिया है. ड्रग्स और रॉ मटीरियल की अनुमानित कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है. डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान ने बताया कि एमडीएमए पाउडर, अवैध रूप से मादक पदार्थ बनाने में प्रयोग होने वाले कच्चा माल, उपकरण, रासायनिक माल और रसायन सहित दो कारें बरामद की हैं. उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी नाइजीरिया से आकर भारत में अवैध रूप से रह रहे थे.