उत्तर प्रदेश रामपुर : एक्सीएन को भारी पड़ा OTS की लापरवाही का नतीजा, चैयरमैन ने लिया एक्शन सस्पेंड।
ओटीएस में लापरवाही बिजली विभाग के एक्सईएन को भारी पड़ गई। यूपीसीएल के चेयरमैन ने ओटीएस में लापरवाही पर रामपुर मनिहारन खंड के अधिशासी अभियंता को निलंबित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश रामपुर: उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल ने विद्युत विभागीय कार्यों खासकर ओटीएस योजना के प्रचार-प्रसार में लापरवाही पर रामपुर मनिहारन खंड के अधिशासी अभियंता आशीष कुमार को निलंबित करने का आदेश मंगलवार को दिया। चेयरमैन ने दो अधिशासी अभियंताओं को चेतावनी देने के साथ ही एक अधीक्षण अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया है।
एसई ज्ञानेंद्र कुमार से जवाब तलब
चेयरमैन ने मंगलवार को विद्युत व्यवस्था सुधार से संबंधित विभागीय कार्यों व योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। काम में लापरवाही पाने पर ईडीडी तृतीय शामली उदय प्रताप व ईडीडी नकुड़ सत्येंद्र कुमार को चेतावनी तथा सहारनपुर द्वितीय के अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार से स्पष्टीकरण मांगा है।
कृषि फीडरों पर शिड्यूल के मुताबिक दें बिजली
समीक्षा के दौरान चेयरमैन ने कहा कि कृषि कार्यों की दृष्टि से यह महीना महत्वपूर्ण है। कृषि फीडर पर निश्चित शिड्यूल के मुताबिक बिजली दी जाए। कहीं किसी कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो उसे बाद में आपूर्ति देकर पूरा किया जाए। उन्होंने सभी मुख्य अभियंताओं को इस पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
कोल्हू कनेक्शन कम होने पर जांच कराने का आदेश
उन्होंने कहा कि गन्ने की पेराई के लिए स्थापित होने वाले कोल्हू के कनेक्शन के लिए भी किसानों को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पश्चिमांचल डिस्काम के प्रबंध निदेशक को निर्देशित किया कि सहारनपुर क्षेत्र में पिछले वर्षो की तुलना में कोल्हू कनेक्शन कम क्यों है, इसकी जांच कराएं। पिछले वर्ष की तुलना इस वर्ष कितने कनेक्शन स्वीकृत हुए इसे देखें और कनेक्शन बढ़ाएं। कनेक्शन से संबंधित कोई भी आवेदन लंबित न रहे सभी को कनेक्शन दें।
चेयरमैन इन दिनो प्रतिदिन ओटीएस की समीक्षा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में अधिशासी अभियंताओं से प्रतिदिन पूछताछ कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने मुजफफरनगर तथा सहारनपुर क्षेत्र के 10 अधिशासी अभियंता तथा टेस्ट डिवीजन के सात अधिशासी अभियंताओं से वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पूछताछ की। इस अवसर पर पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार भी उपस्थित थे।

