गौतम अडानी की नई कंपनी, अब भारत से बाहर केन्या में भी चलाएंगे एयरपोर्ट
अडानी समूह का एयरपोर्ट बिजनेस अब भारत से बाहर भी विस्तार लेने वाला है. देश के सबसे अमीर लोगों में शुमार गौतम अडानी के समूह ने इसके लिए अफ्रीकी देश केन्या में एक नई कंपनी बनाई है.
अडानी समूह की इस नई कंपनी का नाम एयरपोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी (Airports Infrastructure PLC) है. यह कंपनी समूह की फ्लैगशिप कंपनी अडनी एंटरप्राइजेज की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी के तौर पर बनाई गई है. केन्या में नई कंपनी बनाने की जानकारी खुद अडानी एंटरप्राइजेज ने शेयर बाजारों को एक नियामकीय फाइलिंग में दी है.
अडानी एंटरप्राइजेज ने बताया है- केन्या में एयरपोर्ट बिजनेस में निवेश करने को लेकर बातचीत चल रही है. सब्सिडियरी कंपनी का उद्देश्य एयरपोर्ट्स का टेक ओवर करना और उन्हें ऑपरेट व मैनेज करना है. अडानी समूह अभी केन्या की राजधानी में स्थित नैरोबी एयरपोर्ट में निवेश करने की बातचीत कर रहा है.

