बाइक की चाबी न देने पर नाराज बेटे ने की हेड कॉन्स्टेबल पिता की हत्या
शहर की यमुनापुरम कालोनी में बाइक की चाबी न मिलने से नाराज इकलौते नाबालिग बेटे ने हेड कॉन्स्टेबल पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। हेड कॉन्स्टेबल ऊर्जा निगम के बुलंदशहर विजिलेंस थाने में तैनात थे।
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया और आलाकत्ल बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र की यमुनापुरम कालोनी में इंद्रप्रस्थ स्कूल के पास रहने वाले 48 वर्षीय प्रवीण ऊर्जा निगम के विजिलेंस थाने में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी सविता खुर्जा क्षेत्र के किर्रा जूनियर हाईस्कूल में शिक्षिका हैं। दोनों के एक 15 वर्षीय बेटा ही है।
बेटा शहर के प्रतिष्ठित स्कूल में कक्षा दस का छात्र है। बुधवार शाम को अपने तीन मंजिला मकान में प्रवीण परिवार के साथ थे। लगभग छह बजे बेटे ने प्रवीण से बाइक की चाबी मांगी तो उन्होंने इनकार कर दिया। इस पर इकलौता बेटा इतना गुस्से में आ गया कि उसने सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर पिता के सीने में घोंप दिया। क्रोध में पागल हुए बेटे ने पिता के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। सीने में लगते ही वह लहूलुहान होकर घर में ही गिर गए।

