तहसील में घूसखोर क्लर्क 50 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

तहसील में घूसखोर क्लर्क 50 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा तहसील का क्लर्क 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. आरोपी स्टेनो को बरेली विजिलेंस की टीम ने शनिवार की सुबह रंगे हाथों पकड़ा है. आरोपी के खिलाफ ठाकुरद्वारा पुलिस थाने में भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, बरेली रेंज की विजिलेंस टीम करीब एक सप्ताह से ठाकुरद्वारा के एसडीएम के स्टेनो क्लर्क को ट्रेस कर रही थी और उसे 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है. आरोप है कि बाबू ने काम कराने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की थी. शिकायतकर्ता ने स्टेनो को जो रुपये दिए, वो रिश्वत के पैसों को टेबल के नीचे गिन रहा था. उसके तुरंत बाद ही बरेली विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा और खींचते हुए वाहन में बैठकर ठाकुरद्वारा थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज कराया. इस दौरान तहसील में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सब हैरान रह गए.