लेख : 19 नवंबर का इतिहास – 1997 में आज ही के दिन अंतरिक्ष गई थीं पहली भारतीय महिला कल्पना चावला - खास रिपोर्ट

लेख : 19 नवंबर का इतिहास – 1997 में आज ही के दिन अंतरिक्ष गई थीं पहली भारतीय महिला कल्पना चावला - खास रिपोर्ट

देश-दुनिया के इतिहास में 19 नवंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख अंतरिक्ष परी के नाम से मशहूर भारतीय मूल की कल्पना चावला के लिए ही नहीं, अमेरिका के लिए भी खास है। एक जुलाई 1961 को करनाल में जन्मी कल्पना अंतरिक्ष में जाने वाली पहली भारतीय महिला हैं। करनाल से स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद कल्पना ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक किया। फिर एयरोस्पेस में मास्टर्स की पढ़ाई के लिए अमेरिका चली गईं।

1984 में एयरोस्पेस की इंजीनियरिंग भी पूरी कर पीएचडी की। 1988 में नासा में काम करना शुरू किया। 1991 में अमेरिका की नागरिकता मिल गई। इसी साल नासा एस्ट्रोनॉट कॉर्प्स का हिस्सा बनीं। 19 नवंबर 1997 को कल्पना ने अपना अंतरिक्ष मिशन शुरू किया। उस समय उनकी उम्र महज 35 साल थी। छह अंतरिक्ष यात्रियों के साथ उन्होंने स्पेस शटल कोलंबिया एसटीएस-87 से उड़ान भरी। इस मिशन के दौरान कल्पना ने 65 लाख मील का सफर तय किया। 376 घंटे 34 मिनट अंतरिक्ष में बिताए।

इसके बाद साल 2003 आया। यह यात्रा कल्पना की दूसरी लेकिन उनके जीवन की अंतिम यात्रा साबित हुई। पहली फरवरी 2003 को कोलंबिया अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा प्रवेश करते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें कल्पना चावला समेत सात अंतरिक्ष यात्रियों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई।