Anant Singh: 'JDU की बैठक में निशांत को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई' अनंत सिंह ने बताई मीटिंग के अंदर की बात
Anant Singh JDU Meeting: जनता दल यूनाइडेट (जदयू) की आज अहम बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता नीतीश कुमार ने की। बैठक में क्या-क्या हुआ? इसकी जानकारी जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने की मीडिया से बात करते हुए दी।
पटना: बिहार में आज जेडीयू विधायक दल की बैठक का आयोजन किया गया। पटना के 1 अणे मार्ग पर लगभग एक घंटे तक ये बैठक चली। बैठक में नीतीश कुमार ने जेडीयू विधायकों से कहा कि, 'मैं जैसे पहले काम करता था, वैसे ही काम करता रहूंगा। आप लोग चिंता मत कीजिए, सब अच्छा होगा। मैं पूरे बिहार का दौरा करूंगा।' हालांकि निशांत कुमार को लेकर इस बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई। इस बात की पुष्टि जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए की।
निशांत को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई: अनंत सिंह
जेडीयू विधायक दल की बैठक के बाद बाहर निकले विधायक अनंत सिंह से बैठक को लेकर मीडिया ने सवाल किए। निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि बैठक में Nishant Kumar को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है
बैठक में नीतीश ने विधायकों के सामने रखा 200 सीट का लक्ष्य: अनंत सिंह
अनंत सिंह ने कहा कि 'नीतीश कुमार ने अपने भाषण में कहा कि वो जनता के बीच पहले से ज्यादा घूमेंगे। बिहार में यात्रा पर निकलेंगे और बिहार में पहले से ज्यादा काम होगा। पूर्व सीएम ने विधायकों से कहा कि वो अपने-अपने क्षेत्र की जनता पर ध्यान दें और उनके बीच रहें। ताकि अगले चुनाव में 200 सीटें आएं।' यानी बैठक में नीतीश कुमार ने अपने विधायकों को 200 सीटों को जीतने को ध्यान में रखते हुए काम करना होगा।
'हम तो सरकार के मालिक नहीं है' शराबबंदी पर बोले अनंत सिंह
बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, 'हम तो सरकार के मालिक नहीं है। हम तो अपनी राय बोल दिए। अगर राय को नहीं मानते हैं तो हम कुछ नहीं कर सकते हैं। हम तो कुछ हैं नहीं। हमको जो अच्छा बात बुझाता है, वो हम बोलते हैं।
विधायक दल के नए नेता का फैसला नीतीश करेंगे: JDU
बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने पुष्टि की कि एक औपचारिक प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसके तहत विधायक दल के नए नेता के चयन का अंतिम निर्णय लेने का अधिकार नीतीश कुमार को सौंपा गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी पार्टी सदस्यों ने नीतीश कुमार के शासन, नेतृत्व और बिहार को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए उनके प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।

