शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को जागरूक करने हेतु मोहित नारायण ने शुरू किया अभियान
भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम, ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएँ
सिद्धार्थनगर।
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सीमा से सटे गाँवों में रविवार को भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान खूनवा पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।

गाँववालों ने पंचायत भवन में आकर अपनी समस्याएँ खुलकर सामने रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में नाली, सड़क और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की गंभीर समस्या है, वहीं खूनवा क्षेत्र का स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से बंद पड़ा है। लोगों का आरोप रहा कि क्षेत्र के विधायक चुनाव के बाद अब तक गाँव का रुख नहीं किए, जिससे जनता की परेशानियाँ जस की तस बनी हुई हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित नारायण ने कहा कि युवाओं को जागरूक होना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा—
"शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सफाई हमारे जीवन के मूलभूत तत्व हैं। इसके लिए केवल सरकार जिम्मेदार नहीं है, बल्कि हम सभी नागरिक भी जिम्मेदार हैं। जब तक हम अपने अधिकारों की मांग नहीं करेंगे, तब तक व्यवस्थाएँ मजबूत नहीं होंगी। सरकार द्वारा की गई योजनाएँ नीचे तक सही ढंग से लागू नहीं हो पा रही हैं और इसके लिए स्थानीय स्तर के नेता व अधिकारी जिम्मेदार हैं। हमें उनके विरोध में खड़े होने की आवश्यकता है।"

इस अवसर पर कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएँ ध्यानपूर्वक सुनीं और भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को आगे तक पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम के उपरांत भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन की टीम ने मोहित नारायण के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का दौरा भी किया। वहाँ सुरक्षाबलों ने उन्हें वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और सीमा क्षेत्र की परिस्थितियों पर चर्चा की।

यह अभियान क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


Hindustan News Network