शादी तय होने से भड़का प्रेमी, सोती युवती पर फेंका तेजाब, चली गई जान, कुशीनगर पुलिस का खुलासा
कुशीनगर में प्रेम प्रसंग में युवती की शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने साथी के साथ मिलकर रात में सो रही काजल यादव और उसकी मां पर तेजाब फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मुकेश पटेल, कुशीनगर: कुशीनगर में प्रेम प्रसंग से जुड़ी दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सोते समय युवती और उसकी मां पर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में गंभीर रूप से झुलसी 25 वर्षीय काजल यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां लीलावती का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार, बीती रात डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि ग्राम मोरवन टोला इमलिया निवासी काजल यादव और उसकी मां पर सोते समय दो व्यक्तियों ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही रामकोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंचे। परिजनों द्वारा दोनों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
इलाज के दौरान काजल यादव की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया।
मामला जानिए
युवती के भाई अभिषेक यादव की तहरीर पर थाना रामकोला में मुकदमा दर्ज किया गया। शुरुआती जांच में परिजनों के शक के आधार पर कुछ लोगों को नामजद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक युवती और मुख्य आरोपी छोटेलाल खरवार के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवती की शादी कहीं और तय हो जाने के बाद उसने आरोपी से बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथी अनुज कुशवाहा के साथ मिलकर साजिश रची। दोनों देर रात घर के पास पहुंचे और स्लाइडिंग खिड़की के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद सो रही युवती पर तेजाब डालकर मौके से फरार हो गए।
आरोपी बिहार के खरीद के लाया था तेजाब
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छोटेलाल खरवार निवासी कंठी छपरा थाना जटहां बाजार और अनुज कुशवाहा निवासी सुखारी छपरा थाना नेबुआ नौरंगिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी तेजाब बिहार के गोपालगंज से लाया था, जहां उसकी बहन रहती है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

