राजस्थान में नाबालिग से गैंगरेप के बाद भट्टी में फेंका, दरिंदगी पर उबल पड़ा भीलवाड़ा, बंद का ऐलान
राजस्थान के भीलवाड़ा में नाबालिग लड़की से गैंगरेप के बाद भट्टी में फेंकने की घटना सामने आई है, उसके बाद आरोपियों ने अधजले शव के टुकड़े किए और तालाब में फेंककर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया है और परिवार को एक करोड़ की सहायता और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है। शनिवार को कोटड़ी, जहाजपुर और शाहपुरा बंद का आह्वान किया है।
राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में नाबालिग लड़की से गैंगरैप के बाद भट्टी में फेंककर मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को गुर्जर समाज और बीजेपी नेताओं ने कोटड़ी थाने का घेराव किया और थाने के बाहर धरना दिया है। शनिवार को तीन इलाकों में बंद का आह्वान किया गया है। परिजन को एक करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की जा रही है।
मामला कोटड़ी थाना क्षेत्र का है। भीलवाड़ा के एसपी आदर्श सिधू के मुताबिक, 3 अगस्त को सूचना मिली थी कि नाबालिग लड़की घर से बकरियां चराने के लिए खेत पर गई थी। दोपहर में खेत के पास कोयला भट्टियां चलाने वाले तसवारिया गांव के कान्हा (21 साल) और कालू (25 साल) ने मिलकर लड़की से गैंगरेप किया और उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वो बेहोश हो गई. उसके बाद आरोपियों ने उसे भट्टी में डाल दिया।
रात 11 बजे जब आरोपियों ने भट्टी खोलकर देखा तो उसमें लड़की का पूरा शरीर नहीं जला था, सिर और छाती का कुछ हिस्सा जलने से रह गया था, उसके बाद आरोपियों ने एक थैले में अधजला शव भरा और घटनास्थल से 100- 200 मीटर दूरी पर एक तालाब में फेंक दिया था, रात 12:30 बजे परिजन जब उसे ढूंढते हुए मौके पर पहुंचे तो लड़की की चप्पल दिखाई दी, जब भट्टी को देखा तो उसमें उसका कंगन हाथ के पंजे की हड्डियां मिली थीं।

