मिल्कीपुर में बीजेपी समर्थक का दावा- मैंने अकेले 6 वोट डाला, अखिलेश यादव ने शेयर किया वीडियो
उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या में मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर मतदान जारी है. इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में बीजेपी समर्थक का दावा है कि उसने अकेले 6 वोट डाला है.
सपा चीफ ने तीन वीडियो शेयर करते हुए लिखा- मिल्कीपुर उपचुनाव में राय पट्टी अमानीगंज में फ़र्ज़ी वोट डालने की बात अपने मुँह से कहनेवाले ने साफ़ कर दिया है कि भाजपा सरकार में अधिकारी किस तरह से धांधली में लिप्त है. निर्वाचन आयोग को और कोई सबूत चाहिए क्या?
एक शख्स ने खुद का परिचय रामबोध पांडेय के तौर पर कराते हुए कहा कि मैंने अकेले 6 वोट डाला है. बहुत बढ़िया स्टाफ है. हम हिन्दू है, मुसलमान को वोट थोड़े ही करेंगे. शख्स ने कहा कि 6 वोट अकेले बीजेपी को सुबह डाला है.
अखिलेश यादव द्वारा शेयर एक अन्य वीडियो में दावा किया गया है कि सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद ने कुछ ऐसे लोगों को पकड़ा है जो कथित तौर पर फर्जी वोट डाल रहे थे. अमानीगंज में जिस शख्स पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगा, वह वीडियो में कहता दिख रहा है कि हम यहीं के रहने वाले हैं. ड्राइवर हैं.
हालांकि एबीपी न्यूज़ शख्स के दावे की पुष्टि नहीं करता. समाचार लिखे जाने तक अखिलेश यादव के इस दावे पर पुलिस या निर्वाचन आयोग या जिला प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी.

