मुंबई की करारी हार पर गुस्से में दिखे हार्दिक पंड्या, हार के लिए बल्लेबाजों को ठहराया जिम्मेदार, कहा- 'पिच नहीं, हमारी...'

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने हार का ठीकरा बल्लेबाजों पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि पावरप्ले में विकेट गिरना हार का मुख्य कारण रहा। हार्दिक ने संजू सैमसन के शतक को आउटस्टैंडिंग बताया और कहा कि पिच में कोई खराबी नहीं थी।

मुंबई की करारी हार पर गुस्से में दिखे हार्दिक पंड्या, हार के लिए बल्लेबाजों को ठहराया जिम्मेदार, कहा- 'पिच नहीं, हमारी...'

मुंबई: आईपीएल के एल क्लासिको में चेन्नई सुपर किंग्स से मिली करारी शिकस्त के बाद हार्दिक पंड्या ने अपनी टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन की आलोचना की है। 207 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम महज 104 रनों पर ढेर हो गई। मैच के बाद हार्दिक ने स्पष्ट किया कि हार के लिए पिच या परिस्थितियों को दोष देना गलत होगा, बल्कि यह हमारे बल्लेबाजों की विफलता थी।


पावरप्ले में झटकों ने बिगाड़ा खेल

हार्दिक पंड्या ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा कि पावरप्ले के दौरान जल्दी विकेट खोना टीम के लिए सबसे घातक साबित हुआ। उन्होंने कहा, 'पावरप्ले में शुरुआती विकेट गंवाना हमेशा मुश्किल होता है। इसके बाद आप पूरे मैच में सिर्फ लक्ष्य का पीछा ही करते रह जाते हैं और हम उस दबाव से उबर नहीं पाए। हमें एक अच्छी शुरुआत और मोमेंटम की जरूरत थी, जो हमें नहीं मिल सका

 

संजू सैमसन की पारी और पिच का मिजाज

पिच में आए बदलाव के सवाल पर हार्दिक ने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'मैं यह नहीं कहूंगा कि पिच बदल गई थी। मैं बहानों पर विश्वास नहीं करता। यह वही मिट्टी थी और वही ट्रैक था। चेन्नई ने शानदार बल्लेबाजी की और 207 रन बनाए। हमें बस बेहतर बल्लेबाजी करने की जरूरत थी।' हार्दिक ने संजू सैमसन के नाबाद शतक की भी तारीफ की और माना कि उनकी पारी ने मैच को मुंबई की पहुंच से दूर कर दिया।

स्पिनर्स का दबदबा

हार्दिक ने माना कि मैच में स्पिनर्स को अच्छी ग्रिप मिल रही थी, जिसका फायदा अकील होसेन ने उठाया। मुंबई की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'हमारे स्पिनर्स ने भी अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन संजू ने एक उत्कृष्ट पारी खेली। उनके बल्लेबाजों ने नियमित अंतराल पर रन जोड़े और एक विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।' आगामी मैचों में बदलाव के सवाल पर उन्होंने संकेत दिया कि टीम अब वापस जाकर चर्चा करेगी और अगले कुछ दिनों में यह तय करेगी कि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए किन सुधारों की आवश्यकता है।