नोएडा: बैंक्विट हॉल में सूट-बूट में आया चोर, पहले खाया खाना, फिर 5 लाख रुपये से भरा बैग लेकर हुआ चंपत
Noida Theft Case: नोएडा के सेक्टर 51 स्थित डायमंड क्रॉउन बैंक्विट सिल्वर हॉल में सूट-बूट पहनकर आए चोर ने लड़की पक्ष का रुपयों और आभूषण से भरा बैग चोरी कर लिया।
मनीष सिंह, नोएडा: देश की राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में एक बार फिर सूट-बूट पहनकर चोरी करने की वारदात सामने आई है। ताजा मामला सेक्टर-51 स्थित डायमंड क्रॉउन बैंक्विट सिल्वर हॉल का है। यहां सोमवार को एक सगाई समारोह के दौरान सूट-बूट पहना शख्स लाखों रुपये से भरा बैग चंद मिनटों में लेकर फरार हो गया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लूट की घटना के बाद Shaadi में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि बैग में लड़की पक्ष का करीब 5 लाख रुपये कैश और कुछ आभूषण थे। सुदेश जैन की बेटी की सगाई की रस्म चल रही थी। इस दौरान लड़के-लड़की पक्ष के लोग समारोह में व्यस्त थे।इसी दौरान एक युवक मेहमानों की तरह बैंक्विट हॉल में दाखिल हुआ और वह सूट-बूट पहने हुए था। वह कुछ देर तक इधर-उधर घूमता रहा। उसकी नजर उस बैग पर पड़ी जिसमें नकदी और आभूषण रखे थे।
पहले खाना खाया, फिर वारदात को दिया अंजाम
सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से साफ दिख रहा है कि आरोपी युवक ने पहले आयोजन स्थल पर खाना खाया। फिर, अवसर पाकर उसने चतुराई से बैग चुराया और घटनास्थल से भाग निकला। वीडियो में उसे हॉल में इधर-उधर घूमते हुए और बैग लेकर बाहर जाते स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
लड़की पक्ष को बाद में पता चला- बैग चोरी हो गया
घटना के कुछ समय बाद, जब पीड़ित पक्ष को बैग गायब होने का पता चला तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। बैग न मिल जाने पर बैंक्वेट हॉल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जहाँ सूट-बूट पहने चोर की करतूत साफ दिख रही थी। पीड़ित पक्ष ने सेक्टर-49 पुलिस स्टेशन पर मामला दर्ज कराया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक को ढूंढ रही पुलिस
इस पूरे मामले में स्थानीय थाना प्रभारी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।

