खेतों में पहुंच रहा केमिकल युक्त जहरीला पानी फसलें हो रही नष्ट।
खेतों में पहुंच रहा केमिकल युक्त जहरीला पानी फसलें हो रही नष्ट।
हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे के अमिलिया थोक के किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर यूपीसीड़ा एवं एक इस्पात फैक्टरी द्वारा केमिकल युक्त पानी खेतों में बहाने का आरोप लगाकर पानी रोके जाने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि केमिकल युक्त पानी बहाने से उनकी बोई गई फसलें नष्ट हो रही हैं।
अमिलिया थोक निवासी किसान संजय यादव, संदीप कुमार, शोभित राय, वरदानी, जयकरण यादव, बउआ यादव, अवधेश वर्मा, केशव यादव, मथुरा प्रसाद, संतू वर्मा, जगजीवन, महेश, भूरी वर्मा, मुन्ना वर्मा, जिन्नत, वरदानी वर्मा आदि ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में अवगत कराया है कि यूपीसीड़ा एवं एक इस्पात फैक्टरी केमिकल युक्त जहरीला पानी जबरिया उनकी खेतों में बहा रहे हैं। मना करने पर उन्हें धमकाया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि केमिकल युक्त जहरीला पानी खेतों में बहने से उनके खेतों में बोई गई खरीफ की फसलें नष्ट हो रही हैं। किसानों ने जिलाधिकारी से पानी रोके जाने की गुहार लगाई है। किसानों ने बताया कि जिलाधिकारी ने जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन दिया है। उधर फैक्टरी प्रबंधन एवं यूपीसीड़ा का कहना है कि पानी सरकारी जमीन से बहाया जा रहा है।