जीआरपी द्वारा भोपाल रेल्वे स्टेशन पर चैकिंग के दौरान 37 किलो से ज्यादा चांदी जप्त की गई

जीआरपी द्वारा भोपाल रेल्वे स्टेशन पर चैकिंग के दौरान 37 किलो से ज्यादा चांदी जप्त की गई

भोपाल से देवेन्द्र कुमार जैन की रिपोर्ट

विधान सभा चुनाव 2023 के दृष्टिगत चुनाव आयोग के निर्देशानुसार चल रही सघन जांच के दौरान भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति से 17 लाख रुपए की लगभग साढे 37 किलो से अधिक चांदी की पायल जब्त की है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में अवैध रूप से परिवहन किये जा रहे नगदी रूपये, मादक पदार्थ, सोने चांदी आदि अन्य कीमती धातु अथवा उनके आभूषण, देशी विदेशी शराब, मतदाताओं को प्रलोभित किये जाने के उद्देश्य से वितरित किये जाने वाले उपहार आदि के संबंध में आचार संहिता अवधि में कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश प्राप्त होने पर रेल पुलिस इकाई भोपाल क्षेत्रांतर्गत रेल्वे स्टेशन एवं ट्रेनों में सघन चेकिंग की जा रही है।

थाना जीआरपी एवं आरपीएफ स्टाफ की गठित संयुक्त टीम ने गुरुवार को दोपहर रेल्वे स्टेशन भोपाल प्लेटफार्म नंबर 1 पर चेकिंग के दौरान एक 32 वर्षीय व्यक्ति को पकड़ा जो करोंद निशातपुरा भोपाल का निवासी था । यह व्यक्ति एक बैग तथा एक ट्राली बैग लिये था जो काफी भारी प्रतीत हो रहे थे। ये व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पुलिस से नजर बचाकर स्टेशन से बाहर निकलने की फिराक में था। जिसे रेलवे पुलिस द्वारा रोककर उससे उसके ट्राली दोनों बैग के संबंध में पूछताछ की गई लेकिन वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका पुलिस ने उसे थाना लाकर उसके दोनों बैगों की तलाशी ली तो उसमें कई बॉक्स रखे पाये गये खोलकर देखने पर उनमें भारी मात्रा में चांदी की पायलें मिली। पुलिस ने आयकर विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु सूचित कर जॉच पडताल की तो चांदी कुल 37 किलो 772 ग्राम निकली जिसकी कीमत सत्रह लाख रुपए पाई गई । चांदी जप्त कर व्यक्ति के विरूद्ध धारा 102 में कार्रवाई की गई। भारी मात्रा में चांदी की जप्ती की कार्यवाही के संबंध में चुनाव आयोग को भी सूचित किया गया है।