चितौड़गढ़ : सरकारी स्कूल में भारत माता की जय एवं वन्दे मातरम के नारे लगाने पर छात्र को किया निष्कासित

चितौड़गढ़ : सरकारी स्कूल में भारत माता की जय एवं वन्दे मातरम के नारे लगाने पर छात्र को किया निष्कासित

चितौड़गढ़। बेगूं उपखंड के नंदवाई गांव के महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को भारत माता की जय, वंदेमातरम का नारा लगाने पर छात्र को 7 दिन के लिए निष्कासित कर दिया। जिस के बाद स्कूल परिसर में माहोल बिगड़ गया। मामले को लेकर विद्यालय के छात्र एवं ग्रामवासियों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार बेगूं उपखंड क्षेत्र के नंदवाई गांव में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 11 वीं कक्षा में अध्ययनरत हरीश पिता बंशीलाल धाकड़ ने बुधवार को प्रार्थना सभा के पश्चात भारतमाता की जय एवं वंदे मातरम का नारा लगाया। इस पर विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य इब्राहिम कुरैशी ने छात्र को अपने ऑफिस में बुलाकर 7 दिन के लिए निष्कासित करने का पत्र थमा दिया। छात्र द्वारा इस पर आपत्ति जताने पर शिक्षक द्वारा छात्र को डरा धमकाकर भेज दिया।

छात्र द्वारा उक्त मामले से अपने परिजनों एवं ग्रामवासियों को अवगत करवाया गया तो ग्रामवासी विद्यालय पहुंचे, जहां शिक्षक द्वारा छात्र पर अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए विद्यालय से निष्कासित करने की बात कही गई। उक्त मामले में गुरुवार को आक्रोशित छात्र एवं ग्रामीण उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां आरोपी शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम उपखंड अधिकारी कैलाशचंद्र गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में छात्र द्वारा देशभक्ति नारे लगाने पर विद्यालय से निष्कासित करना शिक्षक की जेहादी मानसिकता को उजागर करता है। ऐसे उदघोष पर कानूनन किसी प्रकार की कोई बाध्यता नही होकर राष्ट्र के सम्मान में ऐसे उदघोष भारत के प्रत्येक विद्यालय में लगाए जाते है। ज्ञापन में आरोपी शिक्षक पर गांव के आपराधिक लोगों को विद्यालय के कार्यक्रमों में बुलाकर सम्मानित करने का भी आरोप लगाया गया। इसके साथ ही आरोपी शिक्षक द्वारा हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने उक्त मामले में आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की।

उक्त मामले में उपखंड अधिकारी ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच शुरू की। जांच पूरी होने तक कार्यवाहक शिक्षक इब्राहिम कुरैशी को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर लगाया गया।