कुदरत का कहर, नियांगल में छह और घर ढहे
एसडीआरएफ की मदद से प्रशासन ने खाली करवाए सारे मकान, 13 घरों पर मंडराया खतरा
विधानसभा जवाली के अधीन ग्राम पंचायत नियांगल के वार्ड नंबर पांच में भू-स्खलन के चलते लगातार मकान जमींदोज हो रहे हैं तथा लोगों के खून-पसीने की कमाई देखते ही देखते पलभर में मलबे में समा रही है। इस वार्ड में खतरा बना हुआ है तथा लोगों की आंंखों में विस्थापन का दर्द साफ झलक रहा है। कुदरत के कहर को लोग देख रहे हैं, जबकि कुुुछ भी नहीं कर पा रहे हैं। सोमवार सुबह ही बिना बारिश ही अचानक जमीन धंस जाने से प्रमोद सिंह, रघुनाथ सिंह, मनमोहन सिंह, विक्रम, प्रीतम व कुशल के मकान जमींदोज हो गए, जिनमें से दो मकान मालिकों को सामान निकालने का भी समय नहीं मिला।
इससे पहले सोमवार को इसी वार्ड के सुभाष, खेमराज, दारो व छोटा के मकान जमींदोज हो गए थे तथा सारा सामान अंदर ही दब गया था। प्रशासन ने मौका देखकर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया तथा रात भर साथ लगते मकानों को खाली करवाने में लगे रहे। मंगलवार को इन मकानों को खाली करने से पहले ही मकान जमींदोज हो गए। अभी भी 13-14 मकान भूस्खलन की जद में हैं, जिनको खाली करवा दिया गया है। प्रशासन द्वारा इन लोगों को ठहरने के लिए प्राथमिक भौंका स्कूल में राहत शिविर बनाया है, जहां पर तीन परिवार ठहरे हुए हैं। इनके खाने-पीने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है। अन्य लोग अपने रिश्तेदारों के घर चले गए हैं।
प्रभावित परिवारों को दिए एक-एक लाख का चेक
एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन ने प्रभावितों प्रभात सिंह, प्रमोद सिंह, कल्पना देवी, करतार सिंह, विशाल सिंह, चमन सिंह, कुंज लाल, कमल सिंह, किशोर सिंह, श्याम सिंह, कुलदीप सिंह को 10-10 हजार रुपए की फौरी राहत दी गई। साथ ही भरो राम, कुलदीप, छोटा राम, ज्ञान चंद, सुभाष चंद, खेम राज, प्रीतम सिंह, विक्रम सिंह, रघुनाथ, मनमोहन सिंह, सुषमा देवी, कुशल को एक-एक लाख के चेक दिए गए।


Pardeep kumar