उन्नाव : ट्रक की टक्कर से बाइक सवार वकील कृष्णपाल की मौक़े पर मौत।

Road Accidents

उन्नाव : ट्रक की टक्कर से बाइक सवार वकील कृष्णपाल की मौक़े पर मौत।

उन्नाव में सदर कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव हरदोई मार्ग स्थित चांदमारी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वकील की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। मौत की खबर मिलने पर पत्नी व अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आसीवन थाना क्षेत्र के नगर पंचायत रसूलाबाद गांव के रहने वाले कृष्णपाल KP पूर्व बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। बीती शाम वह कचहरी स्थित चेंबर को बंद करने के बाद वह बाइक से घर जाने के लिए निकले थे। इसी दरम्यान उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जेल के पीछे चांदमारी के पास सफीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कृष्णपाल की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ट्रक चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और कोतवाली लेकर चली गई।

वकील कृष्णपाल की मौत से अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। कई अधिवक्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और परिजन को ढ़ांढ़स बंधाते रहे। मौत की खबर मिलने पर पत्नी बेहाल हो गई। इंस्पेक्टर कोतवाली अश्वनी मिश्रा ने बताया कि एक्सीडेंट में अधिवक्ता की मौत हुई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों के द्वारा जो तहरीर दी जाएगी उसके आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

स्थानीय लोग न दौड़ते तो भाग जाता ट्रक चालक

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि मौजूद लोगों ने आनन फानन में ट्रक चालक को घेर कर पकड़ लिया। घटना के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर भागने की फिराक में था। फिलहाल अधिवक्ता की मौत पर देर रात तक पोस्टमार्टम हाउस में उनके करीबी मौजूद रहे।