SRH vs DC: अभिषेक शर्मा का धांसू शतक, पर तिलक वर्मा से दो गेंदे ज्यादा खेली, केएल राहुल की एक गलती पड़ी भारी
सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ तगड़ी सेंचुरी ठोक दी है। अभिषेक का ये आईपीएल करियर का दूसरा शतक है।
हैदराबाद: आईपीएल 2026 में अभिषेक शर्मा का कोहराम एक बार फिर से शुरू हो चुका है। अबतक इस सीजन में दो हाफ सेंचुरी लगाने वाले अभिषेक ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आज शतक ठोक दिया है। अभिषेक ने सिर्फ 47 गेंदों पर 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। यह आईपीएल इतिहास में उनकी दूसरी सेंचुरी है। इसी के साथ वे ऑरेंज कैप की रेस में भी अब टॉप पर पहुंच चुके हैं।
अभिषेक शर्मा का तगड़ा शतक
अभिषेक शर्मा ने अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक दो गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाकर पूरा किया। इसी के साथ वे इस सीजन 300 रन से ज्यादा बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन चुके हैं। वहीं एक बड़े रिकॉर्ड के मामले में उन्होंने विराट कोहली की बराबरी कर ली है। टी20 में सबसे ज्यादा शतकों के मामले में विराट और अभिषेक अब बराबरी पर हैं, जिनके नाम 9-9 शतक हैं
टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक शतक
- 22 क्रिस गेल
- 12 बाबर आजम
- 10 डेविड वार्नर
- 9 क्विंटन डी कॉक/ विराट कोहली/ रिले रोसौव/ साहिबजादा फरहान/ अभिषेक शर्मा
तिलक वर्मा ने भी एक दिन पहले मारा था शतक
इससे पहले तिलक वर्मा ने भी एक दिन पहले आईपीएल में अपना पहला शतक ठोका था। तिलक ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 45 गेंदों पर अपनी पहली आईपीएल सेंचुरी ठोकी थी। देखा जाए तो अभिषेक ने तिलक से सिर्फ 2 गेंद ज्यादा खेलकर ये सेंचुरी ठोकी है।
केएल राहुल की एक गलती पड़ी भारी
इस मैच में 9वें ओवर की पहली ही गेंद पर केएल राहुल से एक बड़ी गलती हो गई, जिसके बाद अभिषेक शतक तक पहुंच गए। अभिषेक 49 रन पर थे और उन्होंने एक शॉट खेला, जिसपर वे दो रन लेने के लिए दौड़ पड़े। तभी दिल्ली के विकेटकीपर केएल राहुल ने एक सिंपल रन आउट छोड़ दिया नहीं तो अभिषेक की पारी 50 रन पर खत्म हो सकती थी। इसके बाद अभिषेक शर्मा का एक आसान कैच नीतीश राणा ने टपका दिया।

