Share Market Update: शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 800 अंक गिरा, निफ्टी 26,000 अंक से नीचे
शेयर बाजार आज मामूली गिरावट के साथ खुला लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसकी गिरावट बढ़ती गई। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 800 अंक से अधिक गिरावट आई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26,000 अंक से नीचे आ गया।
नई दिल्ली: घरेलू शेयर मार्केट में आज काफी गिरावट आई है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बुधवार को बैठक हो रही है जिसमें ब्याज दर पर फैसला आने वाला है। इस कारण निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। इस कारण शेयर बाजार में गिरावट आई है। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 800 अंक से अधिक गिर गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 26,000 अंक के नीचे चला गया। 3.10 बजे सेंसेक्स 542.72 अंक यानी 0.63% गिरावट के साथ 85,169.65 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 202.50 अंक यानी 0.77% गिरावट के साथ 25,983.95 अंक पर था।
जानकारों का कहना है कि दुनिया भर से मिले मिले-जुले संकेत, रुपये में लगातार गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से शेयर बाजार में गिरावट आई। फिलहाल बाजार में सतर्कता का माहौल है। निवेशक को बड़ा दांव लगाने से कतरा रहे हैं। फेड रिजर्व की दो दिन की बैठक 9 दिसंबर से शुरू हो रही है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.38 के निचले स्तर पर आ गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी फंडों की लगातार निकासी ने भी बाजार को नीचे धकेला।

