शाजापुर - मामला: सड़क हादसे में हुई चार लोगों की मौत का, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
शाजापुर। अकोदिया-शुजालपुर मार्ग पर शुक्रवार रात ट्रक व ट्रैक्टर की भिड़ंत में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में परिजनों व ग्रामीणों ने शुजालपुर अकोदिया मार्ग शव वाहन खड़ा कर जाम कर दिया है। ट्रक ड्राइवर व मलिक को पकड़ने की मांग को लेकर ग्रामीण व परिवार जन अड़े हुए है।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अकोदिया-शुजालपुर मार्ग पर रानोगंज के समीप भूसे से भरी ट्राली व ट्रक की टक्कर होने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के पांच लोगों पर चढ़ गया था। घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी और एक व्यक्ति घायल हुआ था। जिसे अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। वहीं सभी मृतक ग्राम खेड़ीनगर के रहने वाले हैं। ट्रक मालिक व ट्रक ड्राइवर को अभी तक न पकड़े जाने से लोग नाराज है। चक्का जाम में करीब 1 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। एंबुलेंस भी इस जाम में फंसी। लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। मौके पर पहुंचे एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह के आश्वासन पर ग्रामीण माने है और अब शव वाहन को गांव के लिए रवाना किया गया।

