Bastar: ओडिशा से लगी सीमा पर पुलिस की जांच जारी, एक सप्ताह में वाहनों से मिले 18 लाख, 4 लोग गिरफ्तार
Bastar: बस्तर एसपी का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में पुलिस 24 घंटे चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच कर रही है. इस दौरान उन्होंने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनसे कैश भी जब्त किए हैं.
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बस्तर (Bastar) जिले में पुलिस ने हफ्ते भर के भीतर दो अलग-अलग वाहनों से कुल 18 लाख रुपये जब्त किए हैं. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव (Chhattisgarh Assembly Elections) में अब कुछ ही समय शेष रह गए हैं. ऐसे में लगातार पुलिस सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की चेकिंग कर रही है. चेकिंग के दौरान ही एक लग्जरी गाड़ी से पुलिस ने आठ लाख रुपये जब्त किए. इसके साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया. पूछताछ में सही जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने इसे जब्त करने की कार्रवाई की है. वहीं हफ्ते भर पहले ही नगरनार पुलिस ने इसी चेक पोस्ट में चेकिंग के दौरान 10 लाख रुपये जब्त किया था और दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था.

