यमुना नगर: मथुरा जाने वाली दोनों गाड़ियां रद्द
सितंबर में यदि मथुरा वृंदावन जाने के लिए रेल यात्रा का मन बना रहे हैं, तो एक बार ट्रेन की स्थिति अवश्य पता कर लें। क्योंकि यमुनानगर जगाधरी स्टेशन से मथुरा जाने के दो ही ट्रेनें हैं और रेलवे ने दोनों गाड़ियां 12 दिन के लिए रद्द कर दी हैं।
ऐसे में यदि आप यात्रा की योेजना बना रहे हैं तो एक बार अवश्य ट्रेन की जानकारी ले लें। दरअसल, दिल्ली सेक्शन के पलवल स्टेशन पर प्री नाॅन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग के काम किए जा रहे हैं। इसके लिए रेलवे ने इस रूट पर मेगा ब्लॉक लिया है।
यह ब्लॉक करीब दो सप्ताह चलेगा। ब्लॉक के साथ रेलवे ने इस रूट की कई गाड़ियां रद्द कर दी हैं और कई गाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया है। इसके लिए रेलवे की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। ब्लॉक के कारण यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली तीन गाड़ियां पूर्ण और आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं।
ब्लाॅक के चलते रेलवे अमृतसर से इंदौर जाने वाली ट्रेन कुछ दिनों के लिए दोनों तरफ रद्द कर दी है। इसके अलावा अमृतसर से मुंबई सेंट्रल जाने वाली गोल्डन टेंपल सुपरफास्ट मेल, अमृतसर से बिलासपुर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का रूट बदला है।
यह दोनों गाड़ियां पांच से 16 सितंबर तक बदले मार्ग से संचालित की जाएंगी। इस दौरान गोल्डन टेंपल सुपरफास्ट मेल दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर नहीं बल्कि नई दिल्ली स्टेशन जाएगी। यह मथुरा, भरतपुर के लिए रद्द रहेगी जबकि छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस मेरठ से आगरा कैंट बीच रद्द रहेगी।

