यूक्रेन ने रुसी फाइटर जेट सुखोई Su-30 को किया धराशायी

यूक्रेन ने रुसी फाइटर जेट सुखोई Su-30 को किया धराशायी

यूक्रेन ने रूसी वायुसेना के फाइटर जेट सुखोई Su-30 को मार गिराने का दावा किया है. बताया जा रहा है कि रूसी विमान यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए भेजा गया था.

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है रूसी फाइटर जेट क्रीमिया के तट से दूर ब्लैक सी में गिर रहा है. यूक्रेन फौज की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में बताया गया है कि फाइटर जेट एक मिसाइल हमले के बाद समुद्र में गिर गया. रूसी फाइटर जेट ने समुद्र में गिरने से पहले यूक्रेनी सैन्य ठिकानों पर चार Kh-31P सुपरसोनिक एंटी-रडार मिसाइलों से वार किया था.

दूसरी तरफ, रूसी टेलिग्राम चैनलों ने दावा किया है कि क्रीमिया के साकी इलाके में रूसी फाइटर जेट एसयू-30 तकनीकी खामियों की वजह से क्रैश हो गया. रूसी टेलिग्राम चैनल वोवोडा वेशचेट ने दावा किया है कि इस विमान से किसी भी तरह की मिसाइल नहीं टकराई है. इस सुपर सोनिक लड़ाकू विमान का मलबा क्रीमिया प्रायद्वीप के पानी से निकाला गया है. साथ ही कीव की सैन्य खुफिया एजेंसी ने अपने बयान में कहा, 'ब्लैक सी में एक ऑपरेशन के दौरान यूक्रेन के सैनिकों ने रूसी फाइटर जेट एसयू-30 को मार गिराया है.'